GA4-314340326 गिरिडीह में चुनावी रंजिश: मतदान के बाद हुई गोलीबारी के मुख्य आरोपी शिवम आजाद समेत 5 गिरफ्तार

गिरिडीह में चुनावी रंजिश: मतदान के बाद हुई गोलीबारी के मुख्य आरोपी शिवम आजाद समेत 5 गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों के विषय में जानकारी देते डीसी व एसपी।
गिरिडीह: नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत सोमवार को मतदान संपन्न होते ही गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र में हिंसा भड़क उठी। आजाद नगर के वार्ड संख्या 18 में शाम करीब 5:30 बजे दो गुटों के बीच हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस दौरान हुई गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी शिवम आजाद समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक विमल कुमार ने बुधवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया।

भीड़ में चली गोली, दो को लगी; अफरा-तफरी

एसपी ने बताया कि घटना के दिन उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर (बूथ संख्या 18/3) से करीब 400 मीटर दूर हरिजन टोला के पास भीड़ जमा थी। बहस और मारपीट के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान भीड़ में शामिल एक व्यक्ति ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी, जिससे मो. शमीम और शेरू नामक युवक घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने शोर मचाते हुए शिवम आजाद और उसके सहयोगियों पर गोली चलाने का आरोप लगाया।

पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद

घटना के तुरंत बाद पुलिस अलर्ट हो गई। सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) और चार छापामारी टीमों का गठन किया गया। तकनीकी सेल और मानवीय इनपुट के आधार पर की गई छापेमारी में मुख्य आरोपी शिवम आजाद सहित पांच लोगों को दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची

 * शिवम कुमार श्रीवास्तव उर्फ शिवम आजाद (42 वर्ष), झिंझरी मोहल्ला।

 * अमित विश्वकर्मा (43 वर्ष), बक्सीडीह रोड।

 * आकाश हाड़ी (32 वर्ष), झिंझरी मोहल्ला।

 * मंजीत पासवान (28 वर्ष), आजाद नगर।

 * किशोर पासवान (26 वर्ष), आजाद नगर।

क्या-क्या हुआ बरामद?

 * 01 देशी पिस्टल (7.65 mm)

 * 04 जिंदा कारतूस (7.65 mm)

 * 02 खाली खोखा

दो अलग-अलग FIR दर्ज

इस मामले में पुलिस ने दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। पहली एफआईआर (कांड संख्या 15/2026) जोनल पेट्रोलिंग ऑफिसर की शिकायत पर दर्ज हुई है। वहीं, दूसरी एफआईआर (कांड संख्या 16/2026) घायल पक्ष की रबिना खातून के आवेदन पर शिवम आजाद, हर्ष श्रीवास्तव, राजकुमार, मंजीत, राजेश प्रजापति, एकराम अंसारी और विकास हाड़ी समेत 15-20 अज्ञात के खिलाफ दर्ज की गई है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

सुनिए एसपी ने घटना के संबंध में क्या कहा... 

दुर्गापुर एयरपोर्ट के पास हुई थी गिरफ्तारी 

इधर, बताया जा रहा कि गोलीबारी के मुख्य आरोपी शिवम आजाद को पुलिस ने मंगलवार शाम को ही पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया था। उसके साथ उसे सुरक्षित ठिकाने तक पहुंचाने वाले टैक्सी चालक टिंकू विश्वकर्मा को भी पुलिस ने आसनसोल में दबोचा।

...आखिरी वक्त में टिकट का था प्लान 

सूत्रों के मुताबिक, शिवम बेहद शातिर तरीके से बाहर भागने की योजना बना रहा था। उसने लोकेशन ट्रेस होने के डर से पहले से टिकट नहीं ली थी। उसका प्लान था कि वह ऐन वक्त पर एयरपोर्ट पहुंचकर टिकट कटाएगा और उड़ जाएगा। हालांकि, पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) तकनीक और सूचना तंत्र के जरिए उससे दो कदम आगे रही।

वीडियो वायरल कर पुलिस को दे रहा था चुनौती 

गिरफ्तारी से ठीक पहले शिवम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया था। उसे लगा था कि जब तक पुलिस वीडियो की जांच कर उसे ट्रैक करेगी, तब तक वह राज्य की सीमा से बाहर निकल चुका होगा। लेकिन गिरिडीह पुलिस पहले से ही दुर्गापुर में डेरा डाले हुए थी। पुलिस ने पहले आसनसोल से टैक्सी चालक को पकड़ा और उसकी निशानदेही पर एयरपोर्ट पर घेराबंदी कर शिवम को धर दबोचा।

मामले की गंभीरता: IG और DIG खुद कर रहे हैं कैंप 23 फरवरी को मतदान के दौरान हुई इस घटना में दो लोगों को गोली लगी थी, जिनका इलाज धनबाद के SNMMCH में चल रहा है। घटना के बाद शहर में भारी आक्रोश देखा गया था और लोगों ने पचंबा-चैताडीह मार्ग जाम कर दिया था। 


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने