GA4-314340326 सिल्ली में रिश्तों का कत्ल: टांगी से मारकर की भाई की हत्या, साथ बैठकर पी थी शराब

सिल्ली में रिश्तों का कत्ल: टांगी से मारकर की भाई की हत्या, साथ बैठकर पी थी शराब

 आपसी विवाद या नशे की लत? डोमनडीह में फूफा के बेटे ने मामा के बेटे को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

मृतक के शोकाकुल परिजन।
सिल्ली (रांची): सिल्ली थाना क्षेत्र के डोमनडीह गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही ममेरे भाई की टांगी से मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप लोहरा को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान रवि लोहरा के रूप में हुई है।

घर से बुलाकर ले गया, फिर लहूलुहान मिला बेटा

मृतक की मां ने बताया कि सोमवार (23 फरवरी) की दोपहर आरोपी संदीप लोहरा उसके बेटे रवि को घर से बुलाकर ले गया था। देर शाम परिजनों को सूचना मिली कि रवि पंचायत के मुखिया लालसिंह मुंडा के घर के पास एक चबूतरे पर खून से लतपत पड़ा है। आनन-फानन में उसे सामुदायिक अस्पताल सिल्ली ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

शराब पीने के दौरान हुआ विवाद!

परिजनों के अनुसार, हत्या से पहले रवि और संदीप ने केसरडीह और चातमबाड़ी स्थित शराब भट्ठी में दो अन्य युवकों (भक्तु और मुनीम) के साथ बैठकर महुआ शराब पी थी। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में ही किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जो हत्या तक जा पहुंचा।

परिजनों ने कहा- 'कोई दुश्मनी नहीं थी'

इस घटना से दोनों परिवारों के सदस्य सदमे में हैं। थाना परिसर में परिजनों ने बताया कि:

 * दोनों भाइयों के बीच पहले से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी।

 * दोनों अक्सर साथ में ही उठते-बैठते और खाना-पीना करते थे।

 * मृतक रवि का एक बेटा और एक बेटी है, जबकि आरोपी संदीप की तीन बेटियां हैं।

पुलिस की कार्रवाई : मृतक की पत्नी मालती देवी के बयान पर संदीप लोहरा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है कि आखिर अचानक ऐसी क्या बात हुई कि संदीप ने इतना बड़ा कदम उठाया।

 


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने