KANKE,(RANCHI)। राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र के अरसंडे निवासी पेट्रोल पंप संचालक सह जमीन कारोबारी आशुतोष कुमार सिंह से दो करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। 10 दिनों में पैसा नहीं देने पर उनको तथा बेटे और परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। आशुतोष सिंह ने इसकी सूचना कांके थाना को देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। दरअसल आशुतोष सिंह का ब्लॉक चौक कांके में एक पेट्रोल पंप के साथ एक बहुमंजिला मार्केट तथा एक निर्माणाधीन मॉल है। साथ ही वे क्लास वन संवेदक और जमीन कारोबारी भी हैं। उनके मोबाइल पर तीन जुलाई को रात में कॉल कर दो करोड़ की राशि 10 दिनों में देने की धमकी दी गई। ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद पुनः रविवार को भी दो बार अज्ञात नंबर से उनके मोबाइल पर कॉल आया। इसको रिसीव नहीं करने पर उनके व्हाट्सएप पर एक मैसेज भेज कर चेतावनी दी गई। इसमें कहा गया कि एक सप्ताह के भीतर दो करोड़ की राशि तथा आगे कारोबार करने के लिए प्रतिमाह 10 लाख की राशि देना होगा। मैसेज में लिखा गया है कि ऐसा नहीं करने पर उनके घर के सभी सदस्यों का विवरण उन लोगों के पास है। उनकी गाड़ी पर बमबारी और गोलीबारी कर जान से मारने की धमकी भी दी गई है। कथित तौर पर मैसेज में अमन साव, राहुल दुबे गैंग लिखा हुआ है। आशुतोष सिंह ने बताया कि उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। इधर कांके पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक राजधानी सहित अन्य जिलों में प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने की शिकायतें आ रही थीं। ऐसे में कथित रूप से अन्य गिरोहों के सक्रिय होने की स्थिति में कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल उठने लगेगा।
कांके में पेट्रोल पंप संचालक सह जमीन कारोबारी से मांगी गई दो करोड़ की रंगदारी, जांच में जुटी पुलिस
Kanke
0
Tags
Kanke News
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.