ब्यूरो चीफ / गिरिडीह : झारखंड के अति-नक्सल प्रभावित गिरिडीह जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। गिरिडीह पुलिस और CRPF के संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 494 जिलेटिन रॉड और डेटोनेटर मिलने से एक बार फिर किसी बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है।
बरामद विस्फोटक और सागग्री के साथ सुरक्षा बल।
गुप्त सूचना पर बनी विशेष रणनीति
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पारसनाथ के पहाड़ी और जंगली इलाकों में संदिग्ध नक्सल गतिविधियों की लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी। इन इनपुट को गंभीरता से लेते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर 28 अक्टूबर की रात एक विशेष ऑपरेशन की रूपरेखा तैयार की गई।
इसी रणनीति के तहत 29 अक्टूबर को पीरटांड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पारसनाथ पहाड़ी, जोगीडीह नाला और आसपास के घने जंगलों में जिला पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सघन तलाशी अभियान (सर्च ऑपरेशन) चलाया। अभियान के दौरान जोगीडीह नाला के समीप पहाड़ी की आड़ में छिपाकर रखे गए विस्फोटकों के इस जखीरे का खुलासा हुआ।
बरामद विस्फोटक और अन्य सामग्री
सुरक्षाबलों द्वारा की गई तलाशी के दौरान जिलेटिन रॉड 494 पीस (EMULDYNE कंपनी की), कॉर्डेक्स वायर 09 बंडल, कमर्शियल डेटोनेटर 16 पीस, वायरलेस सेट 02 पीस (मोटोरोला कंपनी), रबर सीलिंग और स्विच बरामद किया।
सुरक्षाबलों की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
पुलिस का मानना है कि इन विस्फोटकों का इस्तेमाल नक्सली किसी बड़ी हिंसक घटना को अंजाम देने के लिए करने वाले थे। समय रहते सुरक्षाबलों द्वारा इन्हें बरामद कर लिए जाने से नक्सलियों के नापाक मंसूबों पर पानी फेर दिया गया है।
गिरिडीह एसपी ने इस बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का शिकंजा कसता जा रहा है। फिलहाल, पारसनाथ के पूरे रेंज में नक्सलियों की धर-पकड़ और सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है।
إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.