GA4-314340326 सिल्ली : दुष्कर्म के बाद नाबालिग की हत्या का आरोपी कोई और नहीं चचेरा भाई ही निकला

सिल्ली : दुष्कर्म के बाद नाबालिग की हत्या का आरोपी कोई और नहीं चचेरा भाई ही निकला

Silli: The person accused of murdering a minor girl following her rape turned out to be none other than her own cousin.
गिरफ्तार आरोपी।
अनूप महतो / सिल्ली (novbhaskar.com) : रांची जिले के सिल्ली थाना अंतर्गत मुरी ओपी क्षेत्र में बीते 18 अक्टूबर 17 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी मृतका का चचेरा भाई भागवत महतो उर्फ भगवान दास महतो (23 वर्ष) है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गांव में माहौल बेहद संवेदनशील और तनावपूर्ण बना हुआ है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण इस बात से स्तब्ध हैं कि कोई सगा चचेरा भाई इस तरह के घिनौने कृत्य को कैसे अंजाम दे सकता है। लोग इसे रिश्तों को तार-तार करने वाली घटना बता रहे हैं, तो कुछ लोगों का कहना है कि नशा चाहे कितना भी गहरा हो, कोई व्यक्ति अपनी ही बहन के साथ ऐसा अपराध संभव नहीं लगता है। ग्रामीणों के बीच यह आशंका भी जताई जा रही है कि इस घटना में मुख्य आरोपी के साथ कुछ अन्य युवक भी शामिल हो सकते हैं।

शव पहुंचते ही फूटा गुस्सा, एंबुलेंस को घेरा

पोस्टमार्टम के बाद 19 अक्टूबर की देर शाम जैसे ही पुलिस किशोरी का शव लेकर गांव पहुंची थी, तो आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा था। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को लेने से साफ इनकार कर दिया और एंबुलेंस को घेर कर खड़े हो गए। ग्रामीण मांग कर रहे थे कि हत्यारे को तुरंत उनके सामने लाया जाए। आक्रोशित भीड़ ने लगभग ढाई घंटे तक हंगामा किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक अमित महतो और सिल्ली के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मनीषचंद्र लाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।

डीएसपी व विधायक के आश्वासन के बाद शांत हुए लोग

डीएसपी मनीषचंद्र लाल ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन कानूनी प्रक्रिया और सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण उसे सीधे ग्रामीणों के बीच नहीं लाया जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई निर्दोष न फंसे और कोई दोषी बचे नहीं। पुलिस प्रशासन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का औपचारिक खुलासा करेगा।

स्थानीय विधायक अमित महतो ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे। प्रशासनिक अधिकारियों और विधायक के ठोस आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और मृतका के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए

 एसआईटी का गठन और त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रांची के निर्देशन और ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में डीएसपी मनीषचंद्र लाल की अगुवाई में एसआईटी गठित की गई थी। छानबीन के दौरान एसआईटी ने ग्राम मारदू के छापड़गढ़ा स्थित जंगल-झाड़ी से शव बरामद किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भागवत महतो (पिता- लाल मोहन महतो, ग्राम- मारदू, थाना- सिल्ली) को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने फोन करके किशोरी को बुलाया था, उसके साथ आए छोटे भाई पर पत्थर से हमला कर घायल किया और किशोरी के साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका एवं आरोपी का मोबाइल, कपड़े और चप्पल बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

इस त्वरित कार्रवाई दल में डीएसपी मनीषचंद्र लाल, मुरी ओपी प्रभारी विकास कुमार पासवान, सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार, पुलिस अधिकारी मणिभूषण पासवान, रामदेव कुमार यादव, बलेन्द्र कुमार (तकनीकी शाखा), हवलदार चेतन सिंह मुंडा, संजीत कुमार राय, आरक्षी सुरेन्द्र कुमार वर्मा, दीपक कुमार, स्नीफर डॉग टीम और एफएसएल मोबाइल वैन की टीम शामिल रही।


यह भी पढ़ें : शव लेकर पहुंची पुलिस तो उग्र हो गए लोग

पढ़िए क्या हुआ था : दिन-दहाड़े किशोरी से दुष्कर्म...





Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم