गिरिडीह (#novbhaskar): झारखंड में JPSC-JSSC की नियुक्ति परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे धांधली के मामलों से युवाओं का आक्रोश सड़कों पर आ गया है। रविवार को गिरिडीह के प्रमुख टावर चौक पर विभिन्न छात्र संगठनों ने एकजुट होकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), जेएलकेएम (JLKM) और आजसू (AJSU) से जुड़े छात्र नेताओं की अगुवाई में भारी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे और विरोध दर्ज कराया।
टावर चौक पर पुतला जलाते छात्र।
प्रदर्शन के दौरान उग्र छात्रों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। पुतला दहन के दौरान टावर चौक पर काफी देर तक गहमागहमी और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ का आरोप
आंदोलनकारी छात्र नेताओं ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से दिन-रात मेहनत करने वाले हजारों होनहार युवाओं का भविष्य अंधकार में लटक गया है। परीक्षाओं का लीक होना राज्य की लचर शिक्षा व्यवस्था और ध्वस्त हो चुकी परीक्षा प्रणाली पर एक गंभीर सवालिया निशान खड़ा करता है।
छात्र संगठनों की प्रमुख मांगें
निष्पक्ष जांच : पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए।
कड़ी कार्रवाई : JPSC-JSSC की नियुक्ति परीक्षाओं में धांधली के मुख्य साजिशकर्ता व दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
पारदर्शिता : भविष्य की सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
छात्र नेताओं ने दो टूक चेतावनी दी कि परीक्षा प्रणाली में सुधार और युवाओं के न्याय के लिए सरकार को तत्काल ठोस कदम उठाने होंगे। यदि मामले में लीपापोती की गई या मांगों पर जल्द अमल नहीं हुआ, तो इस आंदोलन को पूरे राज्य में उग्र रूप से फैलाया जाएगा।
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.