देवघर में श्रावणी मेला का चौथा दिन: डीसी ने अहले सुबह किया मेला क्षेत्र का औचक निरीक्षण
![]() |
| कांवरियों से भरा बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर। |
प्रमुख रूटों और नियंत्रण कक्ष का लिया जायजा
उपायुक्त ने क्यू कॉम्प्लेक्स, शिवराम झा चौक, तिवारी चौक, नेहरू पार्क और बीएड कॉलेज रूट का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कतार व्यवस्था को इस प्रकार संचालित किया जाए कि किसी भी मोड़ पर श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। इसके बाद उन्होंने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की लाइव मॉनिटरिंग की और भीड़ के दबाव पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य और जनसुविधाओं पर विशेष जोर
मेला क्षेत्र की चिकित्सा व्यवस्था परखने के लिए डीसी ने बाबा मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने और जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा, सूचना सह सहायता केंद्रों, मातृत्व विश्राम गृह और अमानत घरों (क्लॉक रूम) का जायजा लेते हुए उन्होंने आने वाली सोमवारी के मद्देनजर माताओं-शिशुओं के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
![]() |
| कंट्रोल रूम में सीसीटीवी पर मेले में भीर व व्यवस्था को देखते डीसी सौरभ कुमार भुवानिया। |
संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए उपायुक्त ने विभिन्न पुलिस ओपी का निरीक्षण किया और पुलिस बल को संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा। उन्होंने प्रतिनियुक्त अधिकारियों और जवानों को निर्देशित किया कि वे ड्यूटी को प्रशासनिक दायित्व के साथ-साथ 'सेवा भाव' का पुनीत अवसर समझकर श्रद्धालुओं का सहयोग करें।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार और सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.