रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रविवार को खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वहां की बदहाल स्थिति देख मुख्यमंत्री आगबबूला हो गए और अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने शूटिंग रेंज के रखरखाव, सुरक्षा मानकों और खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं पर गहरा असंतोष जताया।
शूटिंग रेंज का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।
'खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधा देना प्राथमिकता'
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्रतिभाओं की खान है। यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। ऐसे में उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराना सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 10, 25 और 50 मीटर शूटिंग रेंज का आधुनिकीकरण किया जाए।
सीएम ने लिया जायजा, राइफल से साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज के हर पहलू की बारिकी से पड़ताल की। उन्होंने शूटिंग उपकरणों, अभ्यास की व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खुद भी शूटिंग राइफल हाथ में लेकर निशाना साधा और खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
@ शूटिंग रेंज के समग्र विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाएं।
@ ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों को विशेष अवसर प्रदान करें।
@ फायर हाइड्रेंट, फायर इक्सटिंग्विशर और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त करें।
@ नियमित रूप से मॉक ड्रिल का आयोजन सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेलों के विकास के लिए दीर्घकालिक रणनीति की जरूरत है। व्यवस्थाएं दुरुस्त होने से यहां के युवा अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार हो सकेंगे। इस दौरान विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार और खेलकूद विभाग के सचिव मुकेश कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.