* मायके आई थी महिला, भीषण गर्मी के कारण घरों में घुस रहे हैं जहरीले सांप
* डॉक्टर बोले- हालत में धीरे-धीरे हो रहा है सुधार
![]() |
| सिंहपुर नर्सिंग होम में भर्ती व इंसेट मेंअनिता और मृत करैत। |
जानकारी के अनुसार, तमाड़ थाना क्षेत्र के पढ़ासी गांव निवासी अरुण कुमार साहू की पत्नी अनिता देवी इन दिनों सोनाहातू के बारेंदा स्थित अपने मायके आई हुई थीं। गुरुवार की रात करीब पौने 11 बजे वह घर के एक एसी (AC) लगे कमरे में सो रही थी। इसी दौरान कहीं से घुसे करैत सांप ने उसे डस लिया।
परिजन सांप को मार कर साथ ले गए अस्पताल
महिला के चिल्लाने पर परिजनों को घटना का पता चला। परिवार वालों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही करैत सांप को खोजकर मार डाला। इसके बाद वे आनन-फानन में महिला और सांप दोनों को लेकर सिंहपुर नर्सिंग होम (मुरी) भागे। डॉक्टर सांप की सही पहचान कर सटीक एंटी-वेनम दे सकें, इसलिए परिजन मरे हुए सांप को भी एक डिब्बे में डालकर अपने साथ अस्पताल ले गए।
स्थिति में हो रहा है सुधार: डॉ. रमनेश
नर्सिंग होम के संचालक डॉ. रमनेश प्रसाद ने बताया कि सांप बेहद जहरीला था, जिसके कारण महिला के शरीर में जहर तेजी से फैला। उसे तुरंत वेंटिलेटर सपोर्ट पर लिया गया। डॉ. प्रसाद के मुताबिक, सही समय पर इलाज शुरू होने के कारण महिला की स्थिति में अब धीरे-धीरे सुधार आ रहा है, लेकिन उसे अभी भी डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है।
एक्सपर्ट व्यू: क्यों खतरनाक है करैत?
सर्प विशेषज्ञ एके चौबे के मुताबिक, अभी भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान बढ़ने के कारण जमीन के नीचे रहनेवाले सांप ठंडी जगहों की तलाश में घरों और एसी कमरों का रुख कर रहे हैं। गौरतलब है कि करैत भारत के 'बिग फोर' (चार सबसे जहरीले सांपों) में से एक है। इसका जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है, जो सीधे इंसान के नर्वस सिस्टम (तंत्रिका तंत्र) पर हमला करता है। इसके काटने पर दर्द का अहसास कम होता है, इसलिए सोते हुए लोगों को अक्सर इसका पता नहीं चल पाता।
साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि मरीज के साथ सांप को (चाहे वह जीवित हो या मृत) अस्पताल लेकर जाने से डॉक्टरों को इलाज शुरू करने में बहुत बड़ी सहूलियत मिलती है। सांप काटने (Snakebite) के मामलों में सबसे कीमती चीज 'समय' होती है, और सांप की मौजूदगी उस समय को बचाने में गेम-चेंजर साबित होती है

إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.