GA4-314340326 सांसद मद का दुरुपयोग : सिल्ली में लाखों की सोलर लाइटें बनीं कबाड़, अंधेरे में ग्रामीण

सांसद मद का दुरुपयोग : सिल्ली में लाखों की सोलर लाइटें बनीं कबाड़, अंधेरे में ग्रामीण

 

सड़क के किनारे पड़े पोल व मनाया गया बेस।
सिल्ली : सिल्ली मेन रोड स्थित राजकीय उच्च विद्यालय (सिल्ली बोर्ड स्कूल) के पास सांसद मद के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ के सांसद फंड से क्षेत्र को रोशन करने के उद्देश्य से लाखों रुपए की लागत से खरीदी गई सोलर लाइटें पिछले तीन-चार महीनों से बंद पड़ी हुई हैं। सड़क किनारे पड़े-पड़े ये अब कबाड़ में तब्दील हो रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर रोशनी सुनिश्चित करने के नाम पर ये लाइटें आनन-फानन में खरीदी तो गईं, लेकिन इसे लगाया नहीं जा सका। तीन-चार महीने से जमीन पर पड़ीं इन लाइटों की सुधि लेनेवाला कोई नहीं है। यह सीधे तौर पर जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग है। 

अधूरे निर्माणों की फेहरिस्त लंबी

सांसद मद से होनेवाले कार्यों की कछुआ चाल और लापरवाही का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी क्षेत्र में सांसद मद से श्मशान घाट का निर्माण शुरू कराया गया था, जो आज भी अधूरा पड़ा है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि एक तरफ विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर पहले से मौजूद संपत्तियां देखरेख के अभाव में दम तोड़ रही हैं। 

अंधेरे में डूब जाती है सड़क

बोर्ड स्कूल के समीप का यह इलाका शाम ढलते ही अंधेरे के आगोश में समा जाता है। सड़क पर पड़ीं सोलर लाइटों के कारण राहगीरों और छात्रों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और सांसद प्रतिनिधि से मांग की है कि इन लाइटों को तत्काल लगाया जाए और अधूरे पड़े विकास कार्यों को जल्द पूरा किया जाए।


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم