![]() |
| दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन में लदी कोयले की बोरियां। |
सिल्ली (रांची ) : सिल्ली-मुरी मुख्य सड़क मार्ग पर हरवाडीह हेसाडीह के पास सोमवार सुबह करीब 11 बजे अवैध कोयले से लदा एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते स्थानीय ग्रामीणों के बीच कोयला लूटने की होड़ मच गई।
तस्करी का अनोखा तरीका : चौंकाने वाली बात यह है कि कोयला तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए वैन में नीचे अवैध कोयला और उसके ऊपर सब्जी के खाली कैरेट (ट्रे) लाद रखे थे। ऊपर से देखने पर यह सामान्य सब्जी की गाड़ी प्रतीत हो रही थी, लेकिन दुर्घटना के बाद तस्करों की यह चालाकी उजागर हो गई।
पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुए आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही सिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के आने से पहले ही चालक और कोयला तस्कर वाहन छोड़कर भागने में सफल रहे। पुलिस ने फिलहाल वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जांच के बाद ही गाड़ी के मालिक और तस्करी के मुख्य सरगना का पता चल पाएगा।
रामगढ़ से ईंट भट्ठों तक का 'नेटवर्क'
सूत्रों के अनुसार, रामगढ़ क्षेत्र से कोयले की तस्करी का यह खेल सालों भर चलता है। तस्कर अवैध रूप से कोयला लाकर सिल्ली और आसपास के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित ईंट भट्ठों में सप्लाई करते हैं। चर्चा यह भी है कि इस अवैध कारोबार को निर्बाध रूप से चलाने के लिए रास्ते में पड़ने वाले थानों में कथित तौर पर 'महीना' (एंट्री) भी दिया जाता है। फिलहाल, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की योजना थी।

إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.