गिरिडीह : नगरपालिका आम चुनाव के दौरान सोमवार शाम को वार्ड नंबर 18 में हुए चर्चित गोलीकांड मामले में गिरिडीह पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के एक अन्य आरोपी हर्ष श्रीवास्तव उर्फ टुसु को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। गुरुवार को एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते एसपी डॉ. बिमाल कुमार व उपस्थित अन्य अधिकारी।
गुप्त सूचना पर बुटबरिया के पास हुई गिरफ्तारी
एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी हर्ष श्रीवास्तव ताराटाड़ थाना क्षेत्र के सुदूर इलाके में छिपा हुआ है और वहां से भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष छापेमारी टीम सक्रिय हुई और गिरिडीह-टुंडी मुख्य मार्ग पर स्थित बुटबरिया ग्राम के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 7.65 एमएम की पिस्टल (फायरिंग में प्रयुक्त) और एक 7.65 एमएम का जिंदा कारतूस मिला है।
अब तक छह आरोपी जा चुके हैं जेल
इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी शिवम आजाद समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हर्ष श्रीवास्तव की गिरफ्तारी के बाद इस कांड में जेल जाने वालों की संख्या अब छह हो गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कांड संख्या 16/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
छापेमारी दल में शामिल थे ये अधिकारी
छापेमारी टीम में जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। इनमें डीएसपी-2 मो. कौशर अली, डीएसपी-1 नीरज कुमार सिंह, साइबर डीएसपी आबिद खान, डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार, सरिया एसडीपीओ धनंजय कुमार, डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो, डीएसपी नीलम कुजूर, डीएसपी मन्द्र कुमार और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो शामिल हैं।
إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.