![]() |
| उपद्रवियों को खदेड़कर भगाती पुलिस। |
गिरिडीह : गिरिडीह नगर निकाय चुनाव का मतदान संपन्न होते-होते हिंसा की बड़ी वारदात सामने आई है। शाम करीब साढ़े पांच बजे बक्सीडीह रोड पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी, जिसमें दो लोग गोली लगने से घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है और पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। इससे पहले वार्ड 27 के बुलाकी रोड पर भी दो गुटों में हिंसक झड़प हुई, जिसे काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। शाम 5 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, धनवार नगर पंचायत के मतदाताओं ने सबसे ज्यादा उत्साह दिखाया, जहां 65.72% मतदान दर्ज किया गया। वहीं गिरिडीह नगर निगम में 59.90% और बड़की सरैया में 63.40% मतदान हुआ। हालांकि, अंतिम फाइल रिपोर्ट आना अभी बाकी है, जिससे आंकड़ों में मामूली बढ़त हो सकती है।
वार्ड 27 के बुलाकी रोड म पुलिस ने भांजी लाठियां
मतदान के दौरान गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के वार्ड 27 स्थित बुलाकी रोड पर उस वक्त तनाव फैल गया, जब बूथ नंबर 1 और 2 के बाहर दो पार्षद प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। विवाद गाली-गलौज से शुरू हुआ और देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जब भीड़ ने पुलिस की चेतावनी को अनसुना कर दिया, तो जवानों ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को गलियों में खदेड़ा। इस अफरा-तफरी में कुछ लोगों के घायल होने की खबर है।
भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे आला अधिकारी
हंगामे की खबर मिलते ही सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, एसडीपीओ जीतवाहन ओरांव और डीएसपी नीरज सिंह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रण में लिया। डीएसपी नीरज सिंह ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है और हंगामे के कुछ देर बाद ही दोबारा शांतिपूर्ण मतदान शुरू करा दिया गया था।
शाम 5 बजे तक मतदान की स्थिति
सुरक्षा में 1200 जवान रहे मुस्तैद
एसपी ने खुद कई संवेदनशील बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि तीनों निकायों के 166 बूथों पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे:
* 200 से अधिक पुलिस पदाधिकारी और 1200 जवानों की तैनाती रही।
* सभी डीएसपी, एसडीपीओ और थाना प्रभारी लगातार गश्त करते रहे।
* प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के कारण कहीं भी मतदान प्रक्रिया लंबे समय तक बाधित नहीं हुई।


إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.