GA4-314340326 पूर्व CM चंपई सोरेन के पोते को CM हेमंत सोरेन व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व CM चंपई सोरेन के पोते को CM हेमंत सोरेन व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दी श्रद्धांजलि

चंपाई सोरेन के पोते को सांत्वना देते सीएम हेमंत सोरेन।
सरायकेला/खरसावां : पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पोते वीर सोरेन (19 वर्ष) का हिमाचल प्रदेश के मनाली में असामयिक निधन हो गया। गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित कई दिग्गज नेता जिलिंगोड़ा पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। वरिष्ठ भाजपा नेता व  केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सीधे श्मशान घाट पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प चढ़ाकर नमन किया। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने चंपई के परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने अंतिम संस्कार में शामिल होकर शोक जताया। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा व उनकी पत्नी गीता कोड़ा सहित कई अन्य नेताओं ने चंपई के पैतृक आवास पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी।

  CM बोले- 'यह असहनीय दुःख, हम परिवार के साथ'

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार दोपहर में जिलिंगोड़ा पहुंचे। उन्होंने दिवंगत वीर सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। CM ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और वीर के पिता बाबूलाल सोरेन का हाथ थामकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि एक युवा पोते को खोना दादा के लिए सबसे बड़ी पीड़ा है। मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को शांति दें और परिजनों को यह वज्रपात सहने की शक्ति प्रदान करें। 

  गांव में नहीं जले चूल्हे, नम आंखों से दी विदाई

वीर सोरेन परिवार के बेहद लाडले थे। उनके निधन की खबर मिलते ही जिलिंगोड़ा गांव में मातम पसर गया। शोक स्वरूप ग्रामीणों ने गुरुवार को अपने घरों में चूल्हा तक नहीं जलाया। पूरे क्षेत्र के लोग अपने चहेते वीर को अंतिम विदाई देने उमड़ पड़े थे।

मनाली में अचानक बिगड़ी थी वीर की तबीयत 

वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ हिमाचल प्रदेश के मनाली घूमने गए थे। मौत की वजहों को लेकर फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, वह इस प्रकार है...

क्या हुआ था : 23 फरवरी को वीर अपने दोस्तों के साथ सोलंग वैली और हमता पास घूमकर लौटे थे।

कैसे हुई मौत : 24 फरवरी की दोपहर करीब 2:30 बजे कमरे से गिरने की आवाज आई। दोस्त जब अंदर पहुंचे तो वीर बेहोश थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

संभावित कारण : प्राथमिक जांच में मौत की वजह 'हाई एल्टीट्यूड सिकनेस' (ऑक्सीजन की कमी) और हार्ट फेलियर मानी जा रही है।


 


  

 



Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने