गिरिडीह में आईजी सुनील भास्कर ने की समीक्षा बैठक

बुके देकर आईजी का स्वागत करते एसपी डा. विमल कुमार।

अमित सहाय/ गिरिडीह : पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुनील भास्कर ने मंगलवार को गिरिडीह पहुंचकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में एसपी डॉ. विमल कुमार, एएसपी सुरजीत कुमार, तथा एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, सुमित प्रसाद, धनंजय राम, राजेंद्र प्रसाद, डीएसपी नीरज सिंह सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जमुआ गोलीकांड पर जताई नाराजगी
बैठक से पूर्व, गिरिडीह पहुँचने पर पुलिस जवानों द्वारा आईजी सुनील भास्कर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। करीब दो घंटे चली बैठक के दौरान, आईजी ने जमुआ में हुए गोलीकांड मामले के मुख्य आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जाहिर की।बैठक के बाद आईजी सुनील भास्कर ने जमुआ के कारोडीह में जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर जमीन माफियाओं द्वारा की गई हवाई फायरिंग और बम ब्लास्ट की घटना को गंभीर बताया। उन्होंने अधिकारियों को इस घटना के मुख्य आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
जमीन माफिया सन्नी रैन, विशाल मंडल और राजा खोरा की संपत्ति होगी कुर्क
आईजी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अगर मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो उन्हें फरार घोषित किया जाए और जमीन माफिया सन्नी रैन, विशाल मंडल, और राजा खोरा के यहाँ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाए।
साइबर अपराध पर गिरिडीह पुलिस की सराहना
आईजी सुनील भास्कर ने त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गिरिडीह पुलिस की पीठ थपथपाई। वहीं, साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस के प्रयासों की तारीफ करते हुए आईजी ने कहा कि गिरिडीह पुलिस का कार्य सराहनीय है, जिसकी सक्रियता से अपराधी तेजी से पकड़े जा रहे हैं।
जेल से छूटे अपराधियों पर रखें कड़ी नजर
आईजी ने गिरिडीह पुलिस को जेल से छूटने वाले अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने और उनकी संपत्ति पर नज़र रखने का भी निर्देश दिया, ताकि अपराधी दोबारा अपराध के रास्ते पर न भटकें।
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.