 |
| अस्पताल में भर्ती छवि देवी। |
अनूप महतो/सिल्ली (रांची): सिल्ली-मुरी रेलखंड पर देवान बांध के समीप मंगलवार की रात करीब एक बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। ट्रेन की चपेट में आकर सिल्ली के बूढ़ा अखड़ा निवासी रतन सिंह (60) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी छवि देवी (50) गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरपीएफ ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। बुधवार दिन के साढ़े दस बजे तक एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण घायल महिला अस्पताल में ही पड़ी हुई थी। आक्सीजन सपोर्ट पर उसे रखा गया था। स्थानीय लोगों की मदद से पौने 11 बजे के आसपास 108 एंबुलेंस से उसे रिम्स भेजा गया। लेकिन, स्थिति देखकर लोगों का कहना था कि महिला की मौत हो चुकी है। दूसरी ओर, रतन सिंह का शव क्षेत्र विवाद में बुधवार को दिन 11 बजे तक घटनास्थल पर ही पड़ा हुआ था। अंत में आरपीएफ ने शव को उठवाया।
दिन में हुई पूजा, रात में मातम
घटना के संबंध में मृतक के पुत्र रोहित सिंह उर्फ चिंटू ने बताया कि परिवार में खुशी का माहौल था। दिन में ही उनके माता-पिता ने नए बनाए घर में धूमधाम से पूजा-पाठ किया था। रात में अचानक ऐसा क्या हुआ कि दोनों रेलवे ट्रैक तक पहुंच गए, इसकी जानकारी परिवार में किसी को नहीं है। रतन सिंह सिल्ली डेली मार्केट में अपनी पत्नी छवि देवी के साथ मिलकर एक छोटा सा होटल चलाते थे और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे।
जमीन विवाद और मानसिक परेशानी की चर्चा
ग्रामीणों का कहना है कि एक पड़ोसी के साथ रतन सिंह का भूमि विवाद चल रहा था। वे अपनी दो डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से अंचल कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। वे इस विवाद के समाधान के लिए लगातार लोगों से सहयोग मांग रहे थे, जिसे लेकर वे मानसिक तनाव में भी बताए जा रहे हैं। एक और बात कही जा रही है कि रतन सिंह के दो बच्चे हैं। बेटी की शादी कर चुके हैं। बेटा नशे का सेवन करता था, जो रतन सिंह को पसंद नही था।
भतीजे के आग्रह पर नहीं हुआ पोस्टमार्टम
घटना के संबंध में मृतक के भतीजे राजकुमार सिंह ने आरपीएफ को लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने बताया है कि चाचा रतन सिंह रेलवे पटरी पार कर रहे थे, तभी दुर्घटना हुई। उन्हें बचाने के प्रयास में चाची छवि देवी भी ट्रेन की चपेट में आ गईं। परिजनों ने इस घटना में किसी भी प्रकार की साजिश या किसी व्यक्ति पर संदेह होने से इनकार किया है। परिजनों के आग्रह पर आरपीएफ ने शव का बिना पोस्टमार्टम कराए परिजनों को सौंप दिया।
सुनिए, डॉक्टर व मृतक के बेटे की बातचीत
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.