GA4-314340326 सिल्ली: घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म का प्रयास, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

सिल्ली: घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म का प्रयास, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

सिल्ली थाने में गिरफ्तार आरोपी रोहन करमाली।
सिल्ली (रांची): सिल्ली थाना क्षेत्र के हाकेदाग गांव में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां घर में अकेली युवती को देख एक युवक ने जबरन घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहन करमाली को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर की है जब ग्राम हाकेदाग निवासी बुधराम करमाली की बेटी घर पर थी। इसी दौरान गांव के ही शिवचरण करमाली के पुत्र रोहन करमाली (26 वर्ष) ने घर में घुसकर युवती के साथ अभद्र व्यवहार और जबरदस्ती की। आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म करने का भी प्रयास किया। युवती के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

घटना के बाद पीड़िता के पिता बुधराम करमाली ने सिल्ली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कांड संख्या 11/26 दर्ज कर छापेमारी शुरू की।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस: पुलिस ने नए कानून के तहत धारा 115(2), 126(2), 127(2), 352, 351(2), 74, 76 और 79 BNS के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपी को भेजा गया जेल

सिल्ली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहन करमाली को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गांव में इस घटना के बाद से ही लोगों में रोष है, वहीं पुलिस ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर तत्परता दिखाई है।


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने