अमित सहाय / गिरिडीह : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बासाबूदा गांव में अंधविश्वास ने एक बार फिर एक मासूम जान ले ली। डायन बिसाही का आरोप लगाकर अधेड़ आदिवासी महिला दुलारी देवी की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। मृतका दुलारी देवी पति लखराम मुर्मू के साथ बासाबूदा गांव में रहती थीं।
रिश्तेदार के बच्चे की मौत के बाद बना विवाद
मृतका के पति लखराम मुर्मू ने बताया कि शुक्रवार की रात उनका परिवार घर पर था। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनके एक रिश्तेदार के बच्चे की बीमारी के कारण मौत हो गई है। कुछ देर बाद मोतीलाल और उसके परिवार के लोग उनके घर पहुंचे।
लखराम के मुताबिक, आरोपी उन्हें और उनकी पत्नी दुलारी देवी को जबरन घर से बाहर खींचकर ले गए और मारपीट करने लगे। इसी दौरान धारदार हथियार से दुलारी देवी पर जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पोती की आंखों के सामने ली गई जान
मृतका की पोती ने रोते हुए आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी आंखों के सामने उसकी दादी की हत्या की है। पोती के अनुसार, रिश्तेदार पहले से ही दुलारी देवी को ‘डायन’ कहकर प्रताड़ित कर रहे थे और बच्चे की मौत के बाद इस अंधविश्वास के तहत पूरे परिवार को जिम्मेदार ठहराया गया।
पंचायत समिति सदस्य विकास तिवारी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक आदिवासी महिला की बेरहमी से जान ली गई है।
पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही एसपी डॉ. बिमल कुमार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के निर्देशन में अवर निरीक्षक संजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
“मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बासाबूदा गांव में एक आदिवासी महिला की हत्या की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डायन का आरोप लगाकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।” जीतबाहन उरांव, सदर एसडीपीओ
सवाल जो अब भी बाकी है
झारखंड में डायन बिसाही के खिलाफ सख्त कानून होने के बावजूद ऐसी घटनाएं थम नहीं रही हैं। बीमारी से हुई बच्चे की मौत को अंधविश्वास से जोड़कर एक महिला की जान ले लेना समाज के लिए एक बड़ा सवाल खड़ा करता है। अब सभी की नजर पुलिस की जांच और आरोपियों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.