GA4-314340326 गिरिडीह : मिर्जागंज दुर्गा मंडप में शस्त्र पूजन के बाद हवाई फायरिंग, बॉडीगार्ड पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी

गिरिडीह : मिर्जागंज दुर्गा मंडप में शस्त्र पूजन के बाद हवाई फायरिंग, बॉडीगार्ड पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी

Giridih: Aerial firing takes place following 'Shastra Pujan' (worship of weapons) at the Mirzaganj Durga Mandap; preparations underway to initiate action against a bodyguard under the Arms Act.
पंडा के बाहर लाइसेंसी राइफल से गोली चलाता युवक।
ब्यूरो चीफ / गिरिडीह : जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बदरिया (मिर्जागंज) स्थित दुर्गा मंडप में विजयादशमी के पावन अवसर पर कानून को ठेंगा दिखाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शस्त्र पूजन के ठीक बाद कथित तौर पर हवाई फायरिंग किए जाने से श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। आरोप है कि टफकॉन कंपनी के मालिक मोहन साव के बॉडीगार्ड ने अपने लाइसेंसी हथियार से यह फायरिंग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, विजयादशमी के उल्लास के बीच अचानक हुई इस गोलीबारी की गूँज से दुर्गा मंडप परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ मौके पर पहुँचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से गहन पूछताछ कर रही है।

पिछले साल की घटना से भी नहीं लिया सबक

सबसे हैरानी की बात यह है कि मिर्जागंज दुर्गा मंडप में इस तरह की दबंगई का यह कोई पहला मामला नहीं है। ठीक पिछले वर्ष भी विजयादशमी के इसी पावन पर्व पर इसी मंडप परिसर में हवाई फायरिंग की घटना घटी थी, जिसने खूब सुर्खियाँ बटोरी थीं। इसके बावजूद दोबारा उसी स्थान पर इस तरह की घटना का दोहराया जाना स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

आत्मरक्षा का लाइसेंस या रौब दिखाने का जरिया

प्रशासन द्वारा लाइसेंसी हथियार नागरिकों को केवल और केवल आत्मरक्षा के लिए उपलब्ध कराए जाते हैं। परंतु, कुछ रसूखदार और उनके सुरक्षाकर्मी इसका इस्तेमाल सार्वजनिक उत्सवों में अपनी धौंस जमाने, रौब दिखाने और दहशत फैलाने के लिए कर रहे हैं। इस प्रकार की गैरकानूनी हरकतें न सिर्फ कानून के राज को चुनौती देती हैं, बल्कि आम नागरिकों की जान-माल के लिए भी गंभीर खतरा हैं।

क्या कहते हैं अधिकारी

इस पूरे मामले पर पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और साथ ही उसका हथियार लाइसेंस रद्द करने के लिए जिला प्रशासन से आधिकारिक अनुशंसा भी की जाएगी।

अब देखना यह होगा कि खाकी इस मामले में कितनी सख्ती दिखाती है और क्या वाकई लाइसेंसी हथियारों के इस तरह के बेजा इस्तेमाल पर लगाम लग पाती है।



 

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم