फोटो: कांके सुहाना सिटी से पकड़ी गई चोरी की थार। KANKE,(RANCHI)। राजधानी रांची के कंजे थाना क्षेत्र के सुहाना सिटी में गुरुवार को सुबह दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल तथा कांके पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक घर से चोरी के दो थार और चार टू व्हीलर पकड़े। लेकिन इस दौरान अंतराज्यीय वाहन चोर गिरोह का मुख्य सरगना समीर खान भाग निकलने में सफल रहा। पुलिस ने उसके दो सहयोगियों सह संबंधियों अमन खान और इरफान खान को भी पकड़ा है। उनसे पूछताछ की जा रही है। भगाने में कथित तौर पर सहयोग करने की आरोपी एक महिला से भी पूछताछ चल रही है। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस और गोंदा थाने में समीर खान के विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गयी है। समीर मूल रूप से सिवान जिले का रहने वाला है। कांके के सुहाना सिटी में उसके भाई का घर है। उसने इसको ही चोरी के वाहनों को छिपाने का अड्डा बनाया था। समीर अपने फोटो लगे फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड के द्वारा दिल्ली और अन्य राज्यों से गाड़ी किराए पर लेता था। उस राज्य की सीमा पार करने के बाद वह वाहनों में लगे जीपीएस ट्रैकर को हटा कर वाहन चोरी कर ठिकाने लगा देता था। दिल्ली पुलिस सीसीटीवी में दिखे उसके हुलिया और चैट के आधार पर उसको लगातार निगरानी में रखे हुए थी। वहां से आए अधिकारियों के अनुसार वह अभी तक दर्जनों वाहनों को इस तरह गायब कर चुका है। उसके गिरोह में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। बाद में वह इन गाड़ियों में फर्जी नंबर प्लेट लगा देता था। इस बीच पुलिस और लोगों की नजरों से बचाए रखने के लिए उनको उनकी मरम्मत के नाम पर गैराजों में छोड़ देता था। बताते चलें 23 सितंबर को समीर खान ने गोंदा थाना क्षेत्र के एक युवक शैलेश राज से उनकी सफेद रंग की वर्ना कार संख्या जेएच 01जीवी2209 भी किराए पर दो दिनों के लिए ली थी। लेकिन वह उसको भी ठग कर फरार चल रहा था। शैलेश राज ने समीर खान के खिलाफ गोंदा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सब इंस्पेक्टर राजू कुमार इस मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं सुखदेव नगर थाना क्षेत्र की एक महिला को भी उसने अपनी जालसाजी में फंसा कर उसके नाम से एक बाइक फाइनेंस करवा ली थी। साथ ही उसके तीन मोबाइल भी ले लिए थे। इनका इस्तेमाल वह अपने गलत कृत्यों में करता था। उस महिला ने कांके थाना पहुंच कर अपनी आपबीती सुनाई। उसने समीर के साथ ठगी में शामिल उसके भाई की पहचान भी की है। इस घटना की जानकारी से कांके पुलिस भी स्तब्ध है। इधर सूत्रों ने बताया कि समीर और उसका भाई विभिन्न गैरोजों में मरम्मत के नाम पर ठगी और चोरी के वाहनों को छोड़ देते थे। इनमें इनका एक ड्राइवर भी साथ देता था। समीर के भाई के घर से कई फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और पासपोर्ट भी बरामद हुए हैं। उसके पास कई सिम कार्ड भी है। पुलिस अभी इनकी जांच तथा और ठगे गए वाहनों की तलाश के लिए पूछताछ कर रही है। यदि रांची पुलिस इस मामले की गहराई और सख्ती से पड़ताल करेगी तो बहुत सारे वाहन बरामद होने की संभावना है।
कांके सुहाना सिटी में चोरी के दो थार व चार टू व्हीलर पकड़े गए, अंतराज्यीय गिरोह का सरगना फरार
Kanke
0
Tags
Kanke News

إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.