GA4-314340326 कांके सुकुरहुटू रिंग रोड में कृषि पदाधिकारी के घर दिनदहाड़े डकैती, सात हथियारबंद अपराधियों ने परिवार को बंधक बना लूटे लाखों के जेवरात व नकदी

कांके सुकुरहुटू रिंग रोड में कृषि पदाधिकारी के घर दिनदहाड़े डकैती, सात हथियारबंद अपराधियों ने परिवार को बंधक बना लूटे लाखों के जेवरात व नकदी

फोटो: डकैती हुए रामाशंकर प्रसाद सिंह का मकान। KANKE,(RANCHI)। राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड सुकुरहुटू आदर्श नगर में मंगलवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े डकैती की घटना को अंजाम दिया। सुबह सात बजे सात हथियारबंद लुटेरे कृषि पदाधिकारी रामाशंकर प्रसाद सिंह के आवास में घुस गए। उन्होंने परिजनों को हथियार के बल पर धमकाते हुए नकदी और जेवरात लूट लिए। हथियार तना देख जान के डर से सभी सदस्य चुप रहे। डकैतों ने सोने-चांदी के लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और मोटी नकदी को समेटा और उसको लेकर आसानी से अपनी कार से निकल गए। घटना के समय आवास में कृषि पदाधिकारी रामाशंकर प्रसाद सिंह, उनकी पत्नी, सास-ससुर, बेटा और बहू घर में मौजूद थे। उनके जाने के बाद घरवालों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। एसएसपी राकेश रंजन, डीएसपी अमर कुमार पांडेय, इंस्पेक्टर कुणाल कुमार सहित अनु वरीय अफसर मौके पर पहुंच गए। तुरंत पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वायड को बुलाकर जांच आरंभ कर दिया। पुलिस सीसीटीवी को खंगालने में भी जुटी है। अपराधी पूरी तरह बेखौफ थे। उन्होंने नकाब भी नहीं पहना था। मीडिया से मामला छुपाने में जुटे नजर आए परिजन : इस भीषण डकैती के मामले को रामाशंकर प्रसाद सिंह और उनके परिजन छिपाने में जुटे नज़र आए। घर की एक महिला ने एक चैनल के पत्रकार को घटना के बारे में बता दी। इस घटना में गई मोटी राशि तथा कीमती गहनों की बात सामने आ गई। लेकिन रामाशंकर प्रसाद ने कहा कि कहीं कुछ नहीं हुआ है। बयान लेने वाले पत्रकार का मोबाइल छीन कर उससे वीडियो और फोटो को डिलीट कर दिया गया। इससे यह आशंका प्रबल हो गई है कि कहीं अवैध कमाई का राज उजागर नहीं हो इसके भय से मामले को परिजन और पदाधिकारी छिपाने में जुटे हैं। बताते चलें 11 अक्टूबर को कैला महतो चौक सुकुरहुटू रिंग रोड के पास स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर दो अज्ञात अपराधियों ने छह राउंड फायरिंग की थी। पुलिस अभी उसकी जांच में ही जुटी थी, इसके पहले भीषण डकैती की घटना हो गई है। यह राजधानी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। खबर लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी।

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم