GA4-314340326 सिल्ली-मुरी रेलखंड पर टला बड़ा हादसा: मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन की बोगी बेपटरी, सभी कांवरिया सुरक्षित

सिल्ली-मुरी रेलखंड पर टला बड़ा हादसा: मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन की बोगी बेपटरी, सभी कांवरिया सुरक्षित

Major accident averted on Silli-Muri railway section: Bogie of Madhupur Shravani Mela special train derailed, all pilgrims safe
दुर्घटनास्थल पर खड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन।

अनूप महतो / सिल्ली (रांची): सिल्ली-मुरी बोकारो रेलखंड पर रविवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा टल गया। श्रावणी मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं को लेकर जा रही ट्रेन संख्या 08895 की एक बोगी अचानक पटरी से उतर गई। घटना सुबह लगभग साढ़े तीन से पौने चार बजे की है, जब ट्रेन मधुपुर की ओर बढ़ रही थी।

जानकारी के अनुसार, मुरी क्षेत्र में पोल संख्या 354/SA4 के समीप ट्रेन के इंजन से तीसरी बोगी (कोच नंबर SEC 64776) अचानक डिरेल हो गई। ट्रेन के अचानक झटके के साथ रुकते ही यात्रियों और कांवरियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री या कांवरिये के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्वाइंट एंड क्रॉसिंग पर फंसा भेड़िया का सिर 

हादसे की मुख्य वजह ट्रैक पर एक जंगली जीव का आना बताया जा रहा है। प्रारंभिक पड़ताल के मुताबिक, पटरियों को आपस में जोड़ने वाले 'प्वाइंट एंड क्रॉसिंग' सिस्टम में एक भेड़िए का सिर बुरी तरह फंस गया था। इसी रुकावट के कारण ट्रेन का पहिया पटरी से उतर गया।

कई ट्रेनों के रूट बदले, 5:15 बजे परिचालन 

पटरी मरम्मत कार्य के कारण इस मार्ग से गुजरने वाली कई ट्रेनों के रूट में बदलाव (डाइवर्ट) कर उन्हें गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हादसे की खबर मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। रांची मंडल रेल प्रबंधक (DRM) करुणानिधि सिंह, जीआरपी और आरपीएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज एक घंटे के भीतर बेपटरी हुए कोच को वापस पटरी पर ला खड़ा किया और उसे मुरी यार्ड रवाना कर दिया। पटरी की आवश्यक मरम्मत के बाद सुबह लगभग 5:15 बजे इस मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू करा दिया गया। इस दौरान एहतियातन कुछ ट्रेनों के रूट डायवर्ट भी किए गए थे।

जानिए, क्या होता है 'प्वाइंट एंड क्रॉसिंग'

रेलवे ट्रैक का 'प्वाइंट एंड क्रॉसिंग' वह संवेदनशील हिस्सा होता है, जो चलती ट्रेन को एक लाइन से दूसरी लाइन पर मोड़ता है। दरअसल, प्वाइंट में मूवेबल (हिलने-डुलने वाली) पटरियां होती हैं, जो ट्रेन का रूट तय करती हैं। क्रॉसिंग वह जगह है, जहां दो पटरियां एक-दूसरे को क्रॉस करती हैं, ताकि ट्रेन के पहिये बिना झटका खाए सुरक्षित दिशा बदल सकें।

​जंक्शन और स्टेशनों पर ट्रेनों की दिशा बदलने के लिए यह सिस्टम बेहद अहम होता है। इसी बारीक जगह पर भेड़िए का सिर फंस जाने से मैकेनिकल गड़बड़ी हुई और पहिया ट्रैक छोड़ बैठा।


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने