अनगड़ा (रांची) : ग्रामीण किसानों को एक साझा मंच पर संगठित कर उनकी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अनगड़ा प्रखंड के गेतलसूद में 'अक्षय ऊर्जा किसान स्वावलंबी सहयोग समिति लिमिटेड' (AUKSCS) के नवनिर्मित कार्यालय का मंगलवार को उद्घाटन हुआ। उद्घाटन ग्राम प्रधान जितेंद्र उरांव ने किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का प्राथमिक उद्देश्य ग्रामीण किसानों को एकजुट करना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करना और उनके कृषि उत्पादों को सीधे बाजार तक पहुंचाना है, ताकि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिल सके। सचिव रीना कुमारी ने कहा कि इस कार्यालय से जरिए क्षेत्र के किसानों की आय बढ़ेगी। वे समृद्ध होंगे।कार्यालय का उद्घाटन करते ग्राम प्रधान जितेंद्र उरांव।
इन कृषि व संबद्ध क्षेत्रों का होगा विस्तार
समिति के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विविधतापूर्ण कृषि और स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। यहां आधुनिक तकनीक से केज फिश फार्मिंग (पिंजरा मछली पालन), व्यावसायिक दृष्टिकोण से सुगंधित फसलों की खेती, बकरी पालन, मुर्गी पालन, बत्तख पालन, डेयरी व्यवसाय और मधुमक्खी पालन के अलावा कृषि से जुड़े इनपुट-आउटपुट (बीज, खाद व उत्पाद बिक्री) का प्रत्यक्ष व्यापार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। संस्था का विशेष जोर महिलाओं व किसान परिवारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर संगठन को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाने पर है।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
उद्घाटन के अवसर पर 'सेकी' (SECI) के संतोष पांडेय, एफपीओ (FPO) के सीईओ डॉ. भूपति नाथ महतो, सचिव रीना कुमारी, महिला जागृति समिति (रांची) के शांतिभूषण सिन्हा, गोपाल महतो, मुनिता कुमारी, करमी देवी, विजय महतो, मैनेश्वर नायक, शिवप्रसाद नायक, गुड़िया देवी, रामू नायक, छबिया नायक सहित सभी सदस्य व बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और गणमान्य लोग उपस्थित थे।
إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.