GA4-314340326 अनगड़ा में आरोग्यम प्रोजेक्ट की शुरुआत, बेहतर स्वास्थ्य व सुरक्षित मातृत्व पर फोकस

अनगड़ा में आरोग्यम प्रोजेक्ट की शुरुआत, बेहतर स्वास्थ्य व सुरक्षित मातृत्व पर फोकस

उषा मार्टिन फाउंडेशन से प्रायोजित व शालिनी अस्पताल द्वारा संचालित 'आरोग्यम' की हुई शुरुआत

'Aarogyam' project launched in Angada; focus on better health and safe motherhood.
एक महिला को सम्मानित करते अतिथि।

 
अनगड़ा (रांची) : ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के स्वास्थ्य स्तर को सुधारने, सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनगड़ा में बहुद्देश्यीय स्वास्थ्य परियोजना ‘आरोग्यम’ का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। उषा मार्टिन फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित इस अभियान का संचालन शालिनी अस्पताल द्वारा किया जा रहा है।

परियोजना का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य राजेन्द्र शाही मुंडा, अनगड़ा के पूर्व मुखिया मधुसूदन मुंडा, उषा मार्टिन फाउंडेशन के सचिव डॉ. मयंक मुरारी, शालिनी अस्पताल के ट्रस्टी नंद किशोर पटोदिया, एक्सआईएसएस (XISS) के रूरल डेवलपमेंट विभाग के प्रमुख डॉ. अनंत कुमार व ग्रामप्रधान लोकनाथ पाहन ने संयुक्त रूप से किया।

स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ेंगी ग्रामीण महिलाएं 

इस प्रोजेक्ट के तहत ग्रामीण महिलाओं को अस्पताल में सुरक्षित प्रसव कराने के महत्व, गर्भावस्था के दौरान व बाद में की जाने वाली देखभाल (ANC/PNC), संतुलित पोषण और परिवार नियोजन के साधनों की सही जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा।

उषा मार्टिन फाउंडेशन के सचिव डॉ. मयंक मुरारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाओं को सही समय पर सही स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से उनके जीवन की गुणवत्ता में काफी सुधार आएगा और मातृ-शिशु मृत्यु दर पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

समारोह में ये थे उपस्थित

कार्यक्रम का मंच संचालन शिशिर भगत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शालिनी अस्पताल के प्रमुख राणा विकास द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर डॉ. संजीव कुमार, सीएचओ रोज प्रिया तिर्की, एएनएम ज्ञानी कुमारी और केके महतो सहित कई स्वास्थ्यकर्मी व स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।



Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने