![]() |
| जयपाल सिंह मुंडा स्टेडिय से तिरंगा यात्रा निकालकर अल्बर्ट एक्का चौक की ओर बढ़ते आंदोलनकारी। |
सदर अस्पताल में पुलिस बल तैनात, छात्र नेता ने उठाए सवाल
देवेंद्र महतो द्वारा यात्रा में शामिल होने की जिद के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों और छात्र समर्थकों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। जिला प्रशासन ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए उन्हें अस्पताल परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी।
प्रशासनिक बंदिशों से नाराज छात्र नेता देवेंद्र महतो ने कहा कि एक तरफ पूरा देश आजादी का जश्न मना रहा है, तो दूसरी तरफ एक छात्र को स्वाधीनता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने से रोका जा रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रांची सदर अस्पताल परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर आईसीयू वार्ड तक भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और बिना अनुमति किसी को भी भीतर जाने नहीं दिया जा रहा है।
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से निकली विशाल यात्रा
अस्पताल में उपजे तनाव के बावजूद छात्रों की पूर्वनिर्धारित तिरंगा यात्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू हुई। यह यात्रा शहर के मुख्य मार्गों- कचहरी चौक से होती हुई लालपुर तक पहुंची और पुनः स्टेडियम लौट आई। देशभक्ति के गीतों और नारों के बीच बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तिरंगा लहराते नजर आए।
दुमका से इस यात्रा में शिरकत करने पहुंचे छात्र नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि परीक्षा में हुई अनियमितताओं में बड़े अधिकारी शामिल हैं, जिसके चलते सरकार छात्रों की जायज मांगों को अनसुना कर रही है। वहीं रांची की छात्रा बेबी महतो ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री स्वतंत्रता दिवस पर छात्रों की पीड़ा समझेंगे और उन्हें न्याय दिलाएंगे।
जयराम महतो और अंबा प्रसाद का समर्थन
डुमरी से जेएलकेएम के विधायक जयराम महतो ने अनशनकारी देवेंद्रनाथ महतो से वीडियो कॉल पर बातचीत की। उन्होंने छात्र नेता को झंडा फहराने से रोकने और इलाज के नाम पर आवाजाही बाधित करने की निंदा करते हुए कहा कि इस मुद्दे और पुलिस की बदसलूकी पर विधानसभा सत्र में सरकार से जवाब मांगा जाएगा। बड़कागांव की पूर्व विधायक व कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद शनिवार को भी आंदोलनकारी छात्रों का हौसला बढ़ाने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचीं। उन्होंने छात्रों के प्रति एकजुटता जताते हुए कहा कि अभ्यर्थियों की मांगें पूरी तरह न्यायसंगत हैं और राज्य सरकार को अविलंब इस पर निर्णय लेना चाहिए।
छात्र नेता रवींद्र कुमार पासवान ने शांतिपूर्ण तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी अभ्यर्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि 22 दिनों से जारी विरोध प्रदर्शन के बावजूद सरकार का ढुलमुल रवैया निराश करने वाला है, लेकिन मांगें पूरी होने तक छात्रों का यह संघर्ष जारी रहेगा।
इन तीन वीडियो से समझिए कैसे देवेंद्र को रोका गया

إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.