GA4-314340326 गिरिडीह : 25 लाख का इनामी नक्सली अजय महतो गिरफ्तार, 100 से अधिक मामलों में था वांछित

गिरिडीह : 25 लाख का इनामी नक्सली अजय महतो गिरफ्तार, 100 से अधिक मामलों में था वांछित

Giridih: Naxalite Ajay Mahato, carrying a reward of Rs 25 lakh, arrested; wanted in more than 100 cases
अजय महतो का फाइल फोटो।
गिरिडीह : झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में अब तक की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक हाथ लगी है। गिरिडीह पुलिस की एक विशेष टीम ने पीरटांड़ थाना क्षेत्र के हरलाडीह से कुख्यात नक्सली और 25 लाख रुपये के इनामी अजय महतो उर्फ 'टाइगर' उर्फ 'बासुदेव' को धर दबोचा है। महतो प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा का बेहद करीबी सहयोगी है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर हरलाडीह निवासी करमू मांझी के घर पर छापेमारी कर की, जहां से टाइगर के साथ दो अन्य नक्सलियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

दो अन्य साथी भी दबोचे गए

गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सटीक इनपुट पर बीती रात हरलाडीह में करमू मांझी के घर की घेराबंदी की। घर के भीतर छिपे अजय महतो को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दबोच लिया। इस दौरान उसके साथ मौजूद दो अन्य नक्सलियों को भी हिरासत में लिया गया है। गिरिडीह पुलिस की विशेष टीम फिलहाल तीनों से किसी गुप्त स्थान पर गहन पूछताछ कर रही है।

आतंक का दूसरा नाम था टाइगर

मूल रूप से गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव का रहने वाला अजय महतो माओवादियों की 'स्पेशल एरिया कमेटी' का सदस्य और पारसनाथ इलाके का जोनल कमांडर रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उस पर हत्या, लूट, लेवी (रंगदारी) वसूली, पुलिस पार्टी पर घात लगाकर हमला करने, आईईडी (IED) ब्लास्ट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के 100 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।

तीन राज्यों की पुलिस को थी तलाश

 झारखंड के अलावा बिहार, बंगाल और ओडिशा की पुलिस भी लंबे समय से अजय महतो की सरगर्मी से तलाश कर रही थी।टाइगर ने गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और हजारीबाग के सीमावर्ती इलाकों में कई बड़ी हिंसक घटनाओं को अंजाम देकर दहशत फैला रखी थी। विकास कार्यों को बाधित करने के लिए सड़क निर्माण में लगे वाहनों को फूंकना और ठेकेदारों से मोटी रकम की रंगदारी वसूलना उसकी मुख्य पहचान बन चुकी थी।

चलेगा देशद्रोह और UAPA के तहत मुकदमा

अजय महतो की मुश्किलें अब और बढ़ने वाली हैं। गिरिडीह उपायुक्त (DC) पहले ही अजय महतो समेत 12 नक्सलियों के खिलाफ देशद्रोह और यूएपीए (UAPA) एक्ट के तहत मुकदमा चलाने की अनुशंसा राज्य सरकार को भेज चुके हैं, जिसे गृह विभाग से मंजूरी भी मिल चुकी है।

बचे नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज

इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद गिरिडीह और आसपास के जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि टाइगर की गिरफ्तारी से नक्सली संगठन की कमर टूट गई है और यह उनके लिए एक बड़ा झटका है। पुलिस आने वाले दिनों में पारसनाथ और सीमावर्ती इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर बचे हुए नक्सलियों को भी सलाखों के पीछे भेजेगी।


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم