पर्यावरण दिवस: जामताड़ा समाहरणालय में डीसी-एसपी समेत आला अफसरों ने किया पौधारोपण; जिलेवासियों से की खास अपील
![]() |
| पौधरोपण करते उपायुक्त आलोक कुमार। |
जिलेवासियों को पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए हर नागरिक को आगे आना होगा। उन्होंने एक बेहतरीन सुझाव देते हुए कहा कि हमें न सिर्फ पर्यावरण दिवस पर, बल्कि अपने घर-परिवार के विशेष मौकों जैसे शादी-ब्याह, जन्मदिन या घर में नवजात शिशु के आगमन के अवसर पर अनिवार्य रूप से पौधारोपण करना चाहिए। ये पौधे भविष्य में हमारे लिए 'ऑक्सीजन सिलेंडर' का काम करेंगे। सिर्फ पौधा लगाना काफी नहीं है, बल्कि उसे पेड़ बनाने का संकल्प भी लेना होगा।
डीसी ने चिंता जताते हुए कहा कि अंधाधुंध पेड़ों की कटाई, बड़े उद्योग, बढ़ती जनसंख्या, अत्यधिक शहरीकरण और भूमिगत संसाधनों के दोहन से हमारा पर्यावरण लगातार प्रदूषित हो रहा है। इससे बचने का एकमात्र रास्ता एकजुटता और जागरूकता है।
पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी हो: एसपी
मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने भी सभी को बधाई दी और पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए सामूहिक भागीदारी बेहद जरूरी है। जब तक समाज का हर वर्ग इसके लिए प्रतिबद्ध नहीं होगा, तब तक हम आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य नहीं दे पाएंगे।
पौधारोपण में ये अधिकारी रहे मौजूद
समाहरणालय परिसर में आयोजित इस विशेष अभियान में जिले के कई शीर्ष अधिकारियों ने हिस्सा लिया और प्रकृति को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपायुक्त आलोक कुमार और एसपी शम्भू कुमार सिंह के अलावा उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार और नजारत उप समाहर्ता विकेश कुणाल प्रजापति सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.