GA4-314340326 समीक्षा बैठक : उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा- योजनाओं की गुणवत्ता से समझौता नहीं, गड़बड़ी पर होगी सीधी कार्रवाई

समीक्षा बैठक : उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा- योजनाओं की गुणवत्ता से समझौता नहीं, गड़बड़ी पर होगी सीधी कार्रवाई

DC reviews development works of Jamtara and Mihijam municipal bodies
समीक्षा बैठक करते उपायुक्त आलोक कुमार।
जामताड़ा : जामताड़ा और मिहिजाम नगर निकाय के विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक में गुरुवार को उपायुक्त (डीसी) सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार का सख्त रुख देखने को मिला। कलेक्ट्रेट चैंबर में आयोजित इस बैठक में डीसी ने कार्यों में शिथिलता और लापरवाही बरतने पर जामताड़ा नगर पंचायत के सिटी मैनेजर को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सिटी मैनेजर से स्पष्टीकरण (शो-कॉज) पूछा जाए और जवाब आने तक उनका वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित रखा जाए। डीसी ने दो टूक कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 हाइलाइट्स: बैठक के 4 बड़े फैसले

वेतन रोका : जामताड़ा सिटी मैनेजर के कामकाज में लापरवाही मिलने पर शो-कॉज, वेतन रोकने का आदेश।
शत-प्रतिशत वसूली : होल्डिंग टैक्स और ट्रेड लाइसेंस का सालाना टारगेट हर हाल में पूरा करने के निर्देश।
क्वालिटी चेक : नगर प्रशासकों को खुद फील्ड में उतरकर बड़ी योजनाओं की जांच करने को कहा।
शौचालय का हैंडओवर : बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक शौचालय को सुलभ इंटरनेशनल को हस्तांतरित करने का निर्देश।

शिकायत मिली तो खैर नहीं : डीसी

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने नगर पंचायत और नगर परिषद मिहिजाम के अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि अधिकारी दफ्तरों से निकलकर जमीनी स्तर पर काम करें।

> ११योजनाओं के चयन और टेंडर प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। जो भी विकास कार्य हो रहे हैं, वे विभागीय गाइडलाइन के अनुसार और गुणवत्तापूर्ण हों। जनता की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। -आलोक कुमार, उपायुक्त, जामताड़ा

रेवेन्यू कलेक्शन बढ़ाने के निर्देश

डीसी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 और चालू वित्तीय वर्ष की लंबित व पूर्ण योजनाओं की क्रमिक समीक्षा की। उन्होंने होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस और अन्य माध्यमों से होने वाली आय की समीक्षा करते हुए राजस्व संग्रहण का वार्षिक लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।

स्ट्रीट लाइट तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

बैठक के दौरान अधिकारियों ने डीसी को बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा दुलाडीह स्थित नगर भवन के रास्ते में लगीं स्ट्रीट लाइटों को रात के समय तोड़ दिया गया है। इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य रूप से मिहिजाम नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुम्भकार, जामताड़ा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत, सिटी मैनेजर सहित नगर निकाय के अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।

 शहर की सफाई के लिए चलाएं जागरूकता अभियान

शहर को स्वच्छ रखने पर जोर देते हुए डीसी ने कहा कि केवल सफाई कर्मचारियों के भरोसे बदलाव नहीं आएगा, बल्कि आम नागरिकों में जागरूकता (अवेयरनेस) फैलानी होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि:
1. डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण (कलेक्शन) व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
2. पब्लिक प्लेस पर गंदगी फैलाने वालों पर नजर रखी जाए।
3. सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
 


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने