GA4-314340326 बिरनी में फंदे से टंगा मिला विवाहिता का शव, शरीर पर जख्म के निशान

बिरनी में फंदे से टंगा मिला विवाहिता का शव, शरीर पर जख्म के निशान

 मायकेवालों का आरोप- हत्या कर लटकाया शव, घर में की तोड़फोड़

पुलिस पर उठे सवाल: परिजन बोले- आरोपी फरार, कार्रवाई धीमी, 4-5 घंटे नहीं उठने दिया शव

Married woman's body found hanging in Birni, with injury marks on her body

गिरिडीह : बिरनी थाना क्षेत्र के भरकट्टा ओपी क्षेत्र की बलिया पंचायत अंतर्गत पहरियाडीह गांव में शनिवार सुबह एक विवाहिता का शव फंदे से टंगा मिला। मृतका की पहचान 30 वर्षीया गुड़िया खातून, पति आमिर अंसारी के रूप में हुई है। 

शरीर पर मिले चोट के निशान, परिजनों का फूटा गुस्सा

सूचना पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के तेलोनारी स्थित मायके से पहुंचे परिजनों ने देखा कि गुड़िया के शरीर पर कई जगह गहरे जख्म के निशान थे और खून बह रहा था। परिजनों का दावा है कि उसके हाथ, पैर और कमर की हड्डियां भी टूटी हुई थीं। यह देख मायके पक्ष के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने ससुराल में तोड़फोड़ कर दी।

हत्या कर आत्महत्या का रूप दिया

मृतका की मां नुमा बीबी ने आरोप लगाया, "घटना की जानकारी मिलते ही ससुराल वालों को फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। जब हम घर पहुंचे तो सभी फरार थे। साफ है कि मेरी बेटी ने आत्महत्या नहीं की। ससुराल वालों ने मारपीट कर हत्या की और फिर शव को फंदे से लटका दिया ताकि आत्महत्या लगे।" गुड़िया के दो बेटी और एक बेटा है।

पांच घंटे के बाद उठा शव

आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब 4-5 घंटे तक पुलिस को शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं उठाने दिया। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी फरार हैं और पुलिस की कार्रवाई धीमी है। सूचना के बाद भी पुलिस देर से पहुंची। 

थानेदार के आश्वासन पर माने परिजन

 बाद में ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय, एसआई जितेंद्र सिंह, एएसआई भक्तलाल मंडल और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम करीब 5 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं।

 


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने