गांडेय विधायक ने खावा-जगमनरायडीह पुल का किया उद्घाटन, बेंगाबाद में 39 आंगनबाड़ी केंद्रों की मिली सौगात
![]() |
| कार्यक्रम का उद्घाटन करतीं विधायक कल्पना सोरेन। |
इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने गिरिडीह सदर के खावा-जगमनरायडीह में नवनिर्मित पुल का उद्घाटन किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "बेहतर सड़क और पुल संपर्क किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होते हैं। इस पुल के बनने से न सिर्फ ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को एक नई गति मिलेगी।"
CSR से संवरे 39 आंगनबाड़ी केंद्र
विधायक ने बेंगाबाद प्रखंड में एचडीएफसी (HDFC) बैंक के सीएसआर मद से आधुनिक रूप से सजाए-संवारे गए 39 आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया। रंग-रोगन और आधुनिक साज-सज्जा के बाद ये केंद्र अब प्ले स्कूल की तर्ज पर नजर आ रहे हैं।
विधायक का निर्देश : "इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को बेहतर व सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए। पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा संबंधी सेवाओं को और प्रभावी बनाएं।"
डीसी बोले- मरीजों की सुविधा में कोताही बर्दाश्त नहीं
पुल और आंगनबाड़ी केंद्रों के उद्घाटन के बाद विधायक कल्पना सोरेन और डीसी रामनिवास यादव सीधे बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल के वार्डों, दवाइयों की उपलब्धता और ओपीडी का विस्तृत जायजा लिया।डीसी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता व मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
विधायक ने स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और सेवा वितरण प्रणाली को अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
विकास और सेहत को सुदृढ़ करने की बड़ी कवायद
इस संयुक्त दौरे के बड़े मायने हैं। एक तरफ जहां ग्रामीण इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पुल की सौगात दी गई, वहीं दूसरी तरफ स्वास्थ्य और नौनिहालों के भविष्य (आंगनबाड़ी) को बेहतर बनाने पर फोकस रहा। जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक मुखिया का एक साथ धरातल पर उतरना अधिकारियों को भी कड़ा संदेश है कि योजनाओं में लेत-लतीफी बर्दाश्त नहीं होगी। मौके पर पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. बिमल कुमार, महापौर प्रमिला मेहरा, उप विकास आयुक्त (DDC) स्मृता कुमारी, बेंगाबाद प्रखंड प्रमुख सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.