पुलिस के साथ धक्का मुक्की करते बुधनी के परिजन एवं अन्य।
KANKE,(RANCHI): राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र के हुसीर मौजा स्थित 40 डिसमिल जमीन पर एसडीओ कोर्ट की रोक के बावजूद घर निर्माण कराने पहुंची निशा भगत को गुरुवार को कांके पुलिस ने काफी हंगामे और मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ बुधनी उरांव उर्फ भगताईंन पति बंधना उरांव को भी गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों को देर शाम जेल भेज दिया गया। बताते चलें हुसीर मौजा के खाता नंबर 134 प्लॉट 1550 रकबा एक एकड़ 64 डिसमिल को लेकर लंबे समय से मेघना उरांव और अजय उरांव के बीच स्वामित्व को लेकर विवाद चल रहा है। इसको लेकर मामला एसडीओ कोर्ट पहुंचा था। कोर्ट ने वहां यथा स्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया था। इधर मेघना उरांव के परिजनों ने जमीन संबंधी अपने खतियान आदि की प्रति लगाते हुए जबरन कब्जा रोकने का आग्रह करते हुए केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की को भी एक पत्र दिया था। गुरुवार को जबरन छत ढालने की सूचना मिलने पर सीओ अमित भगत, इंस्पेक्टर कुणाल कुमार, सब इंस्पेक्टर प्रवीण रजक, अरविंद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। यथास्थिति बनाए रखने का आग्रह करने के बाद भी बुधनी उरांव और उनके परिवार के लोगों ने कार्य को रोकने से मना कर दिया। इधर निशा भगत भी अजय उरांव के परिवार के समर्थन में पहुंच गईं थीं। वह दरवाजा बंद कर छत पर चढ़ गई।वे पुलिस प्रशासन और अजय तिर्की आदि के खिलाफ बयान देते हुए कार्य जारी रखने को ललकारती दिखीं। इसके बाद पुलिस ने सख्ती करते हुए खिड़की का ईंट तोड़ कर अंदर प्रवेश किया तथा उनको गिरफ्तार कर लिया। इसके पहले पुलिस और निशा भगत के समर्थकों के बीच जमकर हंगामा और धक्का मुक्की भी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए बुधनी उरांव उर्फ भगताईंन तथा निशा भगत को गिरफ्तार कर लिया। इसके पूर्व कार्य रुकवाने पहुंचे बुजुर्ग सुकरा उरांव एवं अन्य की बुधनी उरांव पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर पिटाई कर दी थी, जिसमें उनका सिर फूट गया तथा दाएं हाथ में चोट भी आई है। पुलिस ने सुकरा उरांव के बयान पर केस दर्ज कर लिया है।

إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.