बेंगाबाद पुलिस की बड़ी कामयाबी : क्यूआर कोड से ले चुके थे ₹24 हजार, एसआईटी ने चूजका जंगल से दबोचा; 2 अब भी फरार
![]() |
| प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की जानकारी देते पुलिस अधिकारी। |
बदमाशों ने दोपहर में किया अगवा, शाम को मांगी 10 लाख रुपए की फिरौती
पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने सोमवार को प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 24 मई की शाम करीब 7:50 बजे पाण्डेयडीह निवासी इकबाल अंसारी ने पुलिस को सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि उनके चचेरे भाई तसलीम अंसारी (35 वर्ष) का दोपहर करीब 2 बजे खण्डोली के पास से कुछ अपराधियों ने मोटरसाइकिल सहित अपहरण कर लिया है।
अपहरणकर्ताओं ने युवक की रिहाई के बदले परिवार से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। इतना ही नहीं, अपराधियों ने डरा-धमकाकर पीड़ित परिवार से क्यूआर कोड के माध्यम से 24 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवा लिए थे। ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की बात सामने आते ही मामले की गंभीरता और बढ़ गई।
चूजका जंगल में घेराबंदी कर छुड़ाया युवक
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर तुरंत एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया और बेंगाबाद थाना में कांड संख्या-87/2026 दर्ज की गई। एसआईटी ने तकनीकी शाखा (Technical Cell) की मदद से लोकेशन ट्रेस की और त्वरित कार्रवाई करते हुए चूजका जंगल क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस ने घेराबंदी कर अपहृत युवक तसलीम को सुरक्षित मुक्त करा लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
1. मो. सोहेल (निवासी: पिपराधोडा)
2. मो. आदिल अंसारी (निवासी: चेताडीह)
3. मो. समीर अंसारी (निवासी: मोहनपुर)
4. अफरीदी शाह (निवासी: मोहनपुर)
5. इरशाद अंसारी (निवासी: चैताडीह)
पूछताछ में कबूला जुर्म, दो अन्य साथियों की तलाश
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए अपराधियों ने तसलीम अंसारी के अपहरण और 10 लाख की फिरौती मांगने की बात स्वीकार की है। उन्होंने क्यूआर कोड से 24 हजार रुपये ट्रांसफर करवाने का जुर्म भी कबूल किया। आरोपियों ने बताया कि इस साजिश में 'राजा' और 'जाफर उर्फ लल्लुआ' नाम के दो अन्य अपराधी भी शामिल थे, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें, अपहृत युवक की बाइक और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इस टीम को मिली सफलता
इस त्वरित और सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली एसआईटी टीम में मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्यामकिशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, पचम्बा अंचल पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन कुमार, बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह तथा विजय मंडल सहित कई पुलिस अधिकारी व जवान शामिल थे। एसपी ने टीम के कार्य की सराहना की है।

إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.