GA4-314340326 गिरिडीह : दिलीप दास हत्याकांड में सीसीएल के मैनेजर और कर्मी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

गिरिडीह : दिलीप दास हत्याकांड में सीसीएल के मैनेजर और कर्मी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

Giridih: CCL manager and employee arrested in Dilip Das murder case, sent to jail
दोनों को गिरफ्तार कर ले जाते पुलिसकर्मी।
गिरिडीह : गिरिडीह सीसीएल क्षेत्र के कबरीबाद में हुए चर्चित दिलीप दास हत्याकांड में मुफ्फसिल थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कबरीबाद कोयला खदान के मैनेजर सह सुरक्षा प्रभारी रामसागर और सीसीएल कर्मी अख्तर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को दोनों आरोपियों की मेडिकल जांच के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने दोनों को दबोच लिया 

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी क्षेत्र छोड़कर फरार होने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल पुलिस ने सक्रियता दिखाई और उनके सरकारी आवास पर छापेमारी की। पुलिस की घेराबंदी देख दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उन्हें मौके पर ही धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें कंट्रोल रूम लेकर पहुंची, जहाँ कानूनी प्रक्रिया के तहत उनके फिंगरप्रिंट लिए गए।

साजिश का आरोप: 'साथियों की लड़ाई में हुई मौत

कोर्ट ले जाने के दौरान पुलिस वाहन में बैठते समय दोनों आरोपियों ने मीडिया के सामने अपनी सफाई पेश की। आरोपियों ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उनका दावा है कि दिलीप दास की मौत उसके अपने साथियों के साथ हुई आपसी झड़प और लड़ाई के कारण हुई है। आरोपियों ने स्पष्ट तौर पर कहा कि इस हत्याकांड में सीसीएल के किसी भी कर्मी की कोई संलिप्तता नहीं है।

जानिए क्या है मामला

कबरीबाद क्षेत्र में दिलीप दास की हत्या के बाद से ही स्थानीय स्तर पर काफी आक्रोश देखा जा रहा था। पुलिस इस मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि आरोपियों ने आरोपों को नकारा है, लेकिन पुलिस का मानना है कि उनकी गिरफ्तारी से इस हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने में मदद मिलेगी। फिलहाल, पुलिस मामले के अन्य पहलुओं और घटना में शामिल अन्य संभावित चेहरों की तलाश में जुटी है।

यह भी पढ़ेंकबरीबाद माइंस में चोरों का तांडव, झड़प में एक की मौत

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم