GA4-314340326 रांची में अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों पर अब होगी सीधी कार्रवाई

रांची में अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों पर अब होगी सीधी कार्रवाई

 नगर निगम की समीक्षा बैठक में उप नगर आयुक्त ने दिए कड़े निर्देश 

बैठक में निर्देश देते उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू।
शेखर / रांची : रांची नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए निगम ने अपनी रणनीति बदल दी है। मंगलवार को उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू की अध्यक्षता में इनफोर्समेंट शाखा की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की सूरत बिगाड़ने वालों, सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों और अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध अब निरंतर सख्त अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्य मार्गों के साथ-साथ कनेक्टिंग सड़कों को भी अतिक्रमण मुक्त किया जाए और यह सुनिश्चित हो कि एक बार हटाए जाने के बाद दोबारा वहां कब्जा न हो।

गंदगी फैलाई तो सीसीटीवी से कटेगा चालान

शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर बैठक में सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अब सड़कों पर गंदगी फैलाने वालों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी और पकड़े जाने पर जुर्माना वसूला जाएगा। इसके अलावा, शहर के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों के लिए दो डस्टबिन रखना अनिवार्य कर दिया गया है। जो दुकानदार इस व्यवस्था का पालन नहीं करेंगे, उन पर नगर निगम नियमानुसार दंड अधिरोपित करेगा।

इन बड़े फैसलों पर रहेगा फोकस

 पार्किंग का सही उपयोग : व्यावसायिक भवनों के पार्किंग स्थलों पर केवल वाहन खड़े होंगे; वहां किसी भी तरह की व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं होगी।

 प्लास्टिक पर वार : सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा और इसके खिलाफ सघन जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 अवैध निर्माण पर रोक : अवैध संरचनाओं के निर्माण पर तत्काल रोक लगाने के लिए इनफोर्समेंट टीम और नगर निवेशक शाखा संयुक्त जांच करेगी।

 जल स्रोतों की सुरक्षा : वाटर बॉडीज (तालाबों/जलाशयों) के पास से भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक और इनफोर्समेंट टीम के सदस्य उपस्थित थे। नगर निगम ने सभी अतिक्रमणकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करें।

अतिक्रमण हटाती नगर निगम की टीम।

कर्बला चौक से कचहरी तक हटा अतिक्रमण

समीक्षा बैठक के निर्देशों का असर धरातल पर भी दिखा। मंगलवार को ही निगम की इनफोर्समेंट टीम ने कर्बला चौक से बहु बाजार चौक और कचहरी क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान सड़क और नालियों के ऊपर बनी अवैध अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया।

 * कर्बला चौक से बहु बाजार के बीच लकड़ी की चौकी, कैरेट और बांस-बल्ली जैसे सामान जब्त किए गए।

 * कचहरी क्षेत्र में सड़क किनारे अतिक्रमण कर दाभ (नारियल पानी) बेचने वालों को हटाया गया।

 * मौके से ड्रम, बेंच, कुर्सियां और लोहे के फ्रेम सहित भारी मात्रा में सामग्री जब्त की गई।





Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم