GA4-314340326 पावर हाउस में डाका डालने की साजिश नाकाम: पुलिस ने खदेड़कर 3 बदमाशों को दबोचा, कार और चोरी के औजार बरामद

पावर हाउस में डाका डालने की साजिश नाकाम: पुलिस ने खदेड़कर 3 बदमाशों को दबोचा, कार और चोरी के औजार बरामद

 

गिरफ्तार अपराधियों के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
गिरिडीह: निमियाघाट थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए ट्रांसफार्मर से तार चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। पुलिस ने 6 मार्च की रात जीटी रोड किनारे प्रतापपुर स्थित बिजली विभाग के पावर हाउस में छापेमारी कर तीन अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर गिरोह के तीन अन्य सदस्य भागने में सफल रहे।

गुप्त सूचना पर घेराबंदी, फिल्मी अंदाज में पीछा

डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 6 अपराधी पावर हाउस में घुसकर बड़े पैमाने पर तार चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही निमियाघाट पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे, जिन्हें जवानों ने खदेड़कर पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक ग्रे रंग की स्विफ्ट डिजायर कार और चोरी में इस्तेमाल होने वाले कटर, रेंच, पाइप रेंच, चाकू और प्लास जैसे दर्जनों औजार बरामद किए गए हैं।

पकड़े गए अपराधी धनबाद और बिहार के

 * श्याम कुमार पंडित (31): बास्ताकोला, झरिया (धनबाद)

 * अरुण कुमार पंडित (25): नवादा (बिहार) / वर्तमान निवासी झरिया

 * विकास कुमार (26): बास्ताकोला, झरिया (धनबाद)

12 घरों में चोरी व टावर से बैटरी उड़ाने की बात कबूली

पूछताछ में अपराधियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। गिरोह ने स्वीकार किया कि उन्होंने:

 * निमियाघाट के रोशनाटुंडा में 12 बंद घरों के ताले तोड़कर चोरी की थी।

 * खंखीकला स्थित मोबाइल टावर से कीमती बैटरियां चोरी की थीं।

 * इनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का एक ट्रक टायर (रिम सहित) भी बरामद किया है।

यह गिरोह काफी समय से क्षेत्र में सक्रिय था। फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही वे भी सलाखों के पीछे होंगे। - सुमित प्रसाद, एसडीपीओ, डुमरी

टीम में ये थे शामिल: छापेमारी दल में एसडीपीओ सुमित प्रसाद के साथ प्रशिक्षु डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो, इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद, थाना प्रभारी सुमन कुमार, सत्येंद्र कुमार, मो. शमीम अख्तर और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم