![]() |
| मंदिर परिसर में सामूहिक रूप से कीर्तन करते श्रद्धालु। |
रातू (रांची): महाशिवरात्रि के अवसर पर रातू प्रखंड के बिजुलिया गांव स्थित शिव मंदिर में श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम दिखा। ग्रामीणो के सामूहिक सहयोग से मंदिर परिसर में नूतन शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। उसके बाद रुद्राभिषेक किया गया। अनुष्ठान की शुरुआत विद्वान पुरोहितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। शिवलिंग की स्थापना के दौरान ग्रामीणों ने पूर्ण श्रद्धा के साथ आहुतियां दीं। उत्सव को खास बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आई कीर्तन मंडलियों ने अखंड कीर्तन किए। शिव भजनों और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
भंडारे में सैकड़ों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के दौरान यहां दो दिनों तक विशाल भंडारा चला। इसमें सेवा भावना की अनूठी मिसाल दिखी। रविवार की रात विशेष रूप से तैयार खीर का प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। सोमवार की सुबह खिचड़ी का भोग वितरण किया गया। सैकड़ों ग्रामीणों ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया।
सामुदायिक एकजुटता की दिखी मिसाल
आयोजन के सफल संचालन में बिजुलिया के युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि शिवलिंग की स्थापना से क्षेत्र में सुख, समृद्धि और शांति का संचार होगा। समापन पर मंदिर समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी भक्तों और कीर्तन मंडलियों का आभार जताया।

إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.