गिरिडीह : नगर निगम चुनाव की सरगर्मी के बीच भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी डॉ. शैलेन्द्र चौधरी ने अपना विजन डॉक्यूमेंट (संकल्प पत्र) जारी किया है। रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चौधरी ने विकसित गिरिडीह का रोडमैप पेश करते हुए जनता से आशीर्वाद मांगा। उन्होंने दावा किया कि यदि जनता ने उन्हें मौका दिया, तो वे गिरिडीह की सूरत बदल देंगे। इस दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय और पूर्व मंत्री राज पलिवार के अलावा कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री राज पलिवार, जमुआ विधायक मंजू देवी, पूर्व विधायक जय प्रकाश वर्मा, पूर्व मेयर सुनील पासवान, रंजीत राय और चुन्नूकांत सहित कई भाजपा नेता उपस्थित थे।
संकल्प पत्र जारी करते भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी डॉ. शैलेंद्र चौधरी, रवींद्र राय व अन्य।
संकल्प पत्र की 5 बड़ी बातें: 'ग्रीन और सेफ' सिटी पर फोकस
दो पन्नों के इस रंगीन संकल्प पत्र को 20 मुख्य भागों में बांटा गया है। इसमें जनहित से जुड़े पांच वादों को प्रमुखता दी गई है, जो इस प्रकार हैं।
* पर्यावरण : पूरे निगम क्षेत्र में 1.50 लाख नए पौधे लगाकर शहर को 'ग्रीन सिटी' बनाया जाएगा।
* सुरक्षा : अपराध मुक्त शहर के लिए हर प्रमुख चौराहे पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे।
* स्वास्थ्य : घर बैठे इलाज के लिए चलंत चिकित्सा वाहन (Mobile Medical Van) की शुरुआत होगी।
* अधिकार : CCL अधिग्रहित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को रैयत का दर्जा दिलाने के लिए ठोस पहल की जाएगी।
* इंफ्रास्ट्रक्चर : जर्जर सड़कों व नालियों का जीर्णोद्धार, आधुनिक कचरा प्रबंधन और घर-घर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था।
दिग्गजों का साथ: "डॉक्टर प्रत्याशी ही करेंगे शहर का इलाज"
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय ने कहा कि डॉ. शैलेन्द्र चौधरी एक योग्य और व्यवहार कुशल उम्मीदवार हैं। पेशे से डॉक्टर होने के नाते वे जनता की नब्ज पहचानते हैं। वहीं, प्रत्याशी शैलेन्द्र चौधरी ने कहा, *"यह केवल कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि मेरा गिरिडीह की जनता से किया गया वादा है। हमारी प्राथमिकता विकास, स्वच्छता और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार दिलाना है।"
إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.