![]() |
| मेला परिसर में दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग। |
अनूप महतो/सिल्ली (रांची): झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति के प्रतीक ऐतिहासिक हरिहर मेले का आयोजन शुक्रवार को सिल्ली के कोंचो स्थित स्वर्णरेखा नदी तट पर पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी आकर्षक टुसू के साथ पहुंचे। ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक स्वर्णरेखा नदी में टुसू का विसर्जन किया।
जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
मेले में मुख्य रूप से सिल्ली विधायक अमित महतो, ईंचागढ़ विधायक सविता महतो, आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सह पूर्व जिला परिषद सदस्य गौतम कृष्ण साहू, जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी कुमारी, सिल्ली मुखिया भरत मुंडा और कोंचो पंचायत समिति सदस्य समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। विधायक अमित महतो ने उपस्थित जनसमूह का अभिवादन करते हुए नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया।
आकर्षक टुसू के लिए मिला पुरस्कार
मेले में बच्चों ने झूलों और खिलौनों का आनंद लिया, वहीं महिलाओं ने घरेलू सामानों की खरीदारी की और व्यंजनों का लुत्फ उठाया। देर शाम मेला कमेटी द्वारा टुसू-चौड़ल की सजावट के आधार पर विजेताओं को मुख्य अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया गया। मंच का सफल संचालन सुनील सिंह और मोहम्मद फारुख ने किया। मेला कमेटी ने इस अवसर पर कहा कि हमारी पुरानी कला और संस्कृति समाज की धरोहर है। इसे जीवंत रखने और आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए हम सभी को संकल्प लेने की आवश्यकता है।
![]() |
| मेले में उपस्थित विधायक सबिता महतो, उनकी बेटी-दामाद व अमित महतो। |
पारिवारिक मिलन और उत्सव का माहौल था
ईंचागढ़ विधायक सविता महतो मेले में शामिल होने से पूर्व कोंचो स्थित अपने समधी के घर पहुंचीं। उनके साथ उनकी पुत्री और दामाद रितेश कुमार महतो भी मौजूद थे। गौरतलब है कि रितेश कुमार महतो (कोंचो निवासी) ने यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर आईएएस का पद प्राप्त किया है और वर्तमान में पश्चिम बंगाल कैडर में कार्यरत हैं।
मेले के आयोजन में समिति रहा योगदान
इस वृहत आयोजन को सफल बनाने में मेला समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों की सराहनीय भूमिका रही। मुख्य रूप से पुसा महतो, फोटिकचंद महतो, रमेश महतो, मंजीत प्रमाणिक, विनोद महतो, राजकुमार महतो, अरुण महतो, मोती लाल महतो, उत्तम महतो, रास रंजन महतो, पतित महतो, धीरज महतो, आनंद महतो, समरनाथ महतो, टूनु सिंह महतो, बरुण महतो, मिथुन महतो, देवचरण महतो, जगतपाल महतो, रंजन महतो, शिवाजी महतो, मदन महतो, किशोर महतो, सुभाष महतो, सोमनाथ महतो, मेघनाथ महतो, नरेंद्र नाथ महतो, गोवर्धन महतो और रोहित महतो सहित अन्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.