फोटो : कांके प्रखंड मुख्यालय में धरना पर बैठे पंचायत समिति सदस्य। (KANKE NEWS, RANCHI)। राजधानी रांची में अब पंचायत प्रतिनिधि भी भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा को देखते हुए आंदोलन करने को विवश हो गए हैं। ऐसा ही नजारा सोमवार को कांके प्रखंड मुख्यालय में दिखा। हद तो यह है कि स्वयं प्रखंड प्रमुख सोमनाथ मुंडा, उप प्रमुख अजय बैठा, जिप सदस्य सुषमा देवी, किरण देवी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष जावेद अख्तर अंसारी सहित अन्य कांग्रेस नेता भी उनके समर्थन में धरने पर पहुंच गए। सभी पंचायत समिति सदस्यों ने प्रखंड और अंचल में हो रहे बेलगाम अनियमितता एवं भ्रष्टाचार के विरोध में एक दिवसीय धरना दिया। धरना के उपरांत सभी पंसस ने उपायुक्त के नाम बीडीओ विजय कुमार को 15 सूत्री मांगों वाला एक ज्ञापन भी सौंपा। इसमें अंचल में दाखिल खारिज, भूमि सुधार में 2-3 हजार रुपए प्रति डिसीमल की दर से आमलोगों से उगाही बंद करने, वर्षो पदस्थापित राजस्व कर्मचारियों को हटाने, राजस्व कर्मचारियों द्वारा निजी कंप्यूटर ऑपरेटर रख कर उनके द्वारा खुलेआम वसूली कराने, सरकारी दस्तावेज ऐसे निजी गैर अधिकृत लोगों के हाथों में सौंपने, दस्तावेजों में छेड़छाड़ रुकवाने की मांग की। साथ ही प्रखंड और अंचल कार्यालय में प्रतिदिन डेरा जमाने वाले बिचौलियों पर कारवाई करने, जाति, आवासीय, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने में विलंब करने वाले कर्मियों और कारवाई करने की मांग की। वहीं सभी ने बीएसओ द्वारा प्रत्येक पीडीएस दूकानदार से दो हजार की अवैध उगाही रोकने,15 वें वित आयोग की योजनाओं में 30 प्रतिशत कमीशनखोरी और चहेते संवेदकों को कार्य देने की परिपाटी को रोकने, अबुआ और पीएम आवास में अनियमितता तथा पैसे की उगाही रोकने आदि की मांग भी की है। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इसपर जल्द कारवाई नहीं की गई तो प्रखंड के सभी पंसस अनिश्चितकालीन धरना पर बैठेगें। इस अवसर पर पंसस एनुल हक अंसारी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष जावेद अख्तर अंसारी, लालचंद सोनी, अमर तिर्की, श्रवण गोप, पूनम देवी, रेबल मिंज, आदित्य साहू, नेसार अंसारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
भ्रष्टाचार के विरोध में पंचायत समिति सदस्यों ने कांके प्रखंड मुख्यालय में दिया धरना
Kanke
0
Tags
Kanke News
إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.