 |
मृतक दादा सुखुवा महतो |
अनिल कुमार चौधरी/ angara(ranchi) खतियानी जमीन बेचने पर मना करने से नाराज पोता ने अपने दादा सुखुवा महतो(70) की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। मामला अनगड़ा थान क्षेत्र के हेसल में हुई। घटना गुरूवार की दोपहर की है लेकिन इस मामले की जानकारी शुक्रवार को अनगड़ा थाना को दी गई। अनगड़ा थाना प्रभारी हीरालाल साह ने बताया कि सुनील महतो अपने दादा सुखुवा महतो का खतियानी जमीन में से 18 डिसमिल जमीन को एक दलाल के हाथों बेच दिया था। यह बेशकीमती जमीन इंडेन गैस गोदाम के पास है। जिसका वर्तमान मूल्य लाखों रूपया में है। मासू निवासी कथित जमीन दलाल सुनील महतो से उसने 40 हजार रूपया टोकन मनी भी लिया था।
कथित जमीन दलाल जमीन बेचने के लिए दे रहा था दबाव
 |
आरोपित सुनील महतो |
जमीन दलाल सुनील महतो लगातार जमीन देने के लिए पोता सुनील महतो पर दबाव बना रहा था। इधर सुनील महतो अपने दादा पर जमीन बेचने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। जबकी सुखुवा महतो अपनी खतियानी जमीन बेचने से लगातार मना कर रहा था। जमीन बेचने से संबंधित अनापत्ति प्रमाण-पत्र डीसी से बनवाना था। उसके लिए सुखुवा महतो के हस्ताक्षर की आवश्यकता थी। गुरूवार को सुखुवा ने पेपर में हस्ताक्षर करने से साफ इंकार कर दिया। जिससे गुस्से में आकर सुनील ने गुरुवार की दोपहर में सुखुवा महतो की लाठी से पिटाई कर दी। पिटाई के बाद घायल दादा को घर में छोड़कर वह दारू पीने चला गया। इलाज के अभाव में गुरूवार की देर रात दादा ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार की सुबह में अनगड़ा थाना पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा। अनगड़ा थाना की पुलिस ने शाम में सुनील महतो को गिरफतार कर लिया गया।
दो वर्ष पूर्व आरोपित के पिता की भी हो चुकी है संदिग्ध मौत
आरोपित सुनील महतो, सुखुवा महतो का इकलौता वारिस है। दो वर्ष पूर्व सुनील के पिता रंजीत महतो की भी हेसल तालाब में डूबने से संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई थी। आज तक रंजीत की मौत के कारणों का पता नही चल पाया। सुनील शराबी है। शराब पीने के लिए वह अपने ही घर से बर्तन, जेवरात, कपड़ा, जूता आदि चोरी करके बेचता रहा है। शराब पीने के लिए पैसा नही देने पर वह घर के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट भी करता रहता था। परिजन सुनील से तंग आ गये थे। परिजनों ने बताया कि सुनील महतो की शराब की लत का फायदा कथित जमीन दलाल ने उठाया। वह लगातार शराब पीने के लिए सुनील को पैसा देता रहा। पैसा लौटाने पर असमर्थता जताने पर जमीन दलाल अपने पैसों की मांग करने लगा। इधर जमीन दलाल के इस दबाव पर सुनील अपने दादा पर जमीन बेचने के लिए दबाव बनाता रहता था।
إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.