GA4-314340326 गेतलसूद शिव मंदिर में 301 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा, दो दिवसीय अखंड हरिकीर्तन शुरू

गेतलसूद शिव मंदिर में 301 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा, दो दिवसीय अखंड हरिकीर्तन शुरू

angara(ranchi) अनगड़ा प्रखंड के गेतलसूद स्थित शिव मंदिर परिसर में रविवार से दो दिवसीय अखंड हरिकीर्तन सह धार्मिक अनुष्ठान का भव्य शुभारंभ हुआ। अनुष्ठान के पहले दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें 301 महिलाएं पारंपरिक परिधान में शामिल हुईं।  कलश यात्रा गेतलसूद स्थित स्वर्णरेखा नदी पहुंची, जहां से श्रद्धालुओं ने पवित्र जल उठाकर मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके साथ ही 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन, रामायण पाठ व महायज्ञ विधिवत प्रारंभ हो गया। अनुष्ठान का समापन सोमवार को पूर्णाहूति व विशाल भंडारे के साथ होगा।  

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता जैलेन्द्र कुमार ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठानों और हरिकीर्तन से पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। ऐसे आयोजन न केवल समाज में आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं, बल्कि हमारी सनातन परंपराओं को जीवित रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी धर्म-संस्कृति से जुड़ने और समाज हित में आगे आने का आह्वान किया।  


इससे पूर्व मुख्य अतिथि जैलेन्द्र कुमार, विशिष्ट अतिथि जिला परिषद सदस्य अनुराधा मुंडा, प्रमुख दीपा उरांव, गेतलसूद मुखिया शांति मुंडा, उपमुखिया शंकर बैठा व शिवदास गोस्वामी ने संयुक्त रूप से श्रद्धालुओं को कलश और नारियल देकर यात्रा के लिए रवाना किया।  

अनुष्ठान का पूजन आचार्य पं. ईश्वरचन्द्र गोस्वामी द्वारा वैदिक विधि-विधान से कराया जा रहा है। महायज्ञ में आयोजन समिति के अध्यक्ष हर्ष राज और मनोज कुमार सिंह अपनी धर्मपत्नियों के साथ मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। मौके पर सचिव राज बैठा, कोषाध्यक्ष राजीव सिंह, विशू गोस्वामी, रवि चौधरी, अनंत चौधरी, मंतोष महतो, प्रशांत सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने