GA4-314340326 हुंडरू फॉल्स में पर्यटकों को खतरा, पावर प्लांट नं-2 का रोलिंग गेट बंद करने की मांग

हुंडरू फॉल्स में पर्यटकों को खतरा, पावर प्लांट नं-2 का रोलिंग गेट बंद करने की मांग

Tourists at Hundru Falls face danger, demand to close the rolling gate of Power Plant No. 2
सिकिदरी हाइडल पावर प्लांट।
Angara (Ranchi): विश्व प्रसिद्ध हुंडरू जलप्रपात (हुंडरू फॉल्स) पर घूमने आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ गई हैं। इसे लेकर स्वर्णरेखा जलविद्युत परियोजना, सिकिदिरी के प्रबंधक को एक औपचारिक आवेदन पत्र सौंपा गया है, जिसमें पावर प्लांट नंबर-2 की ओर से फॉल्स की तरफ जाने वाले रोलिंग गेट को अविलंब बंद करने की पुरजोर मांग की गई है।

खतरनाक जोन में पहुंच रहे पर्यटक

प्रबंधक को सौंपे गए पत्र में मुख्य रूप से इस बात पर ध्यान आकृष्ट कराया गया है कि अधिकांश पर्यटक पावर प्लांट संख्या-02 के रास्ते से होकर हुंडरू फॉल्स देखने पहुंचते हैं। इस मार्ग पर कोई भी स्पष्ट दिशा-निर्देश बोर्ड या सूचना पट्ट नहीं होने के कारण पर्यटक अक्सर जोगिया दह और उसके आसपास के अत्यंत खतरनाक व गहरे पानी वाले क्षेत्रों में चले जाते हैं। इस वजह से यहां लगातार डूबने की दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

बिना सूचना पानी छोड़ने से नदी में फंस जाते हैं लोग

पत्र में इस गंभीर समस्या का भी खुलासा किया गया है कि बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक बाईपास से पानी छोड़ दिए जाने पर पर्यटक बीच नदी में फंस जाते हैं। पावर प्लांट संख्या-02 की तरफ से आने वाले पर्यटकों के डूबने और बीच नदी में फंसने की कई डरावनी घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।

कभी भी हो सकती है अप्रिय घटना 

पर्यटक मित्र समिति (हुंडरू जलप्रपात) के प्रभारी राजकिशोर प्रसाद और अन्य प्रतिनिधियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर इस रोलिंग गेट को बंद नहीं किया गया और पावर प्लांट सं.-02 की ओर से आने वाले पर्यटकों के साथ भविष्य में कोई भी अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पर्यटक समिति की नहीं होगी। समिति ने प्रबंधक से जनहित और सुरक्षा के दृष्टिकोण से अति शीघ्र इस रोलिंग गेट को बंद करने की स्वीकृति प्रदान करने का जोरदार अनुरोध किया है।






Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने