GA4-314340326 रांची : हरमू नदी को जिंदा करने की तैयारी, हटेंगे अतिक्रमण

रांची : हरमू नदी को जिंदा करने की तैयारी, हटेंगे अतिक्रमण

 नगर आयुक्त ने नगर निगम की टीम के साथ किया जमीनी निरीक्षण

Ranchi: Preparations to revive Harmu river, encroachments to be removed
हरमू नदीं को पाटकर बनाए गए घर को हटाने का निर्देश देते नगर आयुक्त।
रांची : शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली हरमू नदी को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए रांची नगर निगम ने बड़े स्तर पर कवायद शुरू कर दी है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने मंगलवार (2 जून) को निगम की टीम के साथ वार्ड संख्या 23, हिंदपीढ़ी स्थित हरमू नदी क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नदी की बदहाली, जल प्रवाह में बाधाओं, तट पर फैली गंदगी और अवैध गतिविधियों को देखकर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

गाद हटाने के लिए चलेंगी पोकलेन और जेसीबी

कई स्थानों पर वर्षों से जमी गाद, झाड़ियां और अवरोधों को देखकर सुशांत गौरव ने स्वच्छता शाखा को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे नदी क्षेत्र में पोकलेन एवं जेसीबी मशीनों की सहायता से गाद निकालने का कार्य युद्धस्तर पर किया जाए, ताकि नदी की जलधारण क्षमता बढ़ सके और पानी का बहाव सुचारू हो सके। इसके अलावा नदी किनारे जमी पुरानी गंदगी को मैनुअल तरीके से भी साफ कराया जाएगा।

अवैध खटालों पर जुर्माना, नापी के बाद चलेगा बुलडोजर

नदी तट पर धड़ल्ले से चल रहे अवैध खटाल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अवैध निर्माणों पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने इनफोर्समेंट टीम को तत्काल जुर्माना लगाने और अवैध संरचनाओं को ध्वस्त करने का आदेश दिया।

संयुक्त टीम करेगी मापी :  भू-संपदा शाखा की टीम को शहर अंचल एवं अरगोड़ा अंचल के साथ संयुक्त रूप से हरमू नदी तट की मापी कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। मापी के बाद अतिक्रमण की श्रेणी में आने वाले सभी पक्के-कच्चे निर्माणों को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

 खाली जगहों पर बनेंगे ग्रीन जोन, लगेंगी बेंच

निरीक्षण के दौरान नदी के आसपास कई खाली पड़े सरकारी भूखंडों को भी चिन्हित किया गया। इन स्थलों को आम नागरिकों के लिए उपयोगी और आकर्षक बनाने के लिए वहां बेंच लगाने, हरित क्षेत्र (ग्रीन जोन) विकसित करने और जरूरत के मुताबिक री-डेवलपमेंट कार्य करने की योजना बनाई गई है। निरीक्षण में उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू, नगर प्रबंधक, स्वच्छता शाखा, इनफोर्समेंट टीम एवं भू-संपदा शाखा के तमाम अधिकारी व कर्मी शामिल थे। 

हरमू नदी के संरक्षण, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर निगम बेहद गंभीर है। आने वाले दिनों में यहां व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस पहल से न केवल नदी का प्राकृतिक स्वरूप वापस लौटेगा, बल्कि शहर में जल-जमाव की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी। -सुशांत गौरव, नगर आयुक्त, रांची



Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने