GA4-314340326 इंस्टाग्राम वाला प्यार बना काल : प्रेमिका के घर बुलाकर 18 साल के प्रेमी की हत्या

इंस्टाग्राम वाला प्यार बना काल : प्रेमिका के घर बुलाकर 18 साल के प्रेमी की हत्या

 शव को घर के पीछे जमीन में दफनाया, पैर बाहर निकला तब खुला राज 

Instagram love turns deadly: 18-year-old lover murdered after being lured to girlfriend's house
घटना की जांच करते पुलिस अधिकारी।
गिरिडीह / बेंगाबाद: इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और प्यार ने ले ली एक 18 साल के युवक की जान। गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गोलगो पंचायत के पहाड़पुर गांव में गुरुवार सुबह जमीन में गड़ा युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हत्यारों ने शव को इस कदर जमीन में दबाया था कि एक पैर बाहर निकल आया और राज खुल गया। मृतक की पहचान जमुई जिला के बीचकोडवा थाना क्षेत्र के मोरियाडीह गांव निवासी 18 वर्षीय मिथुन दास उर्फ कारू, पिता माथुर दास के रूप में हुई है।

इंस्टा पर हुआ था प्यार, गांव बुलाकर किया कांड

मृतक की मां चमेली देवी का आरोप है कि मिथुन का पहाड़पुर गांव की एक युवती से इंस्टाग्राम पर प्रेम प्रसंग चल रहा था। यह बात युवती के परिजनों को नागवार गुजर रही थी। आरोप है कि रविवार को युवती ने फोन कर मिथुन को पहाड़पुर बुलाया। इसके बाद परिजनों के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और शव को क्षत-विक्षत कर घर के पीछे गड्ढा खोदकर दफना दिया। गुरुवार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने जमीन से पैर निकला देखा तो शोर मचा दिया। देखते ही देखते सैकड़ों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, इंस्पेक्टर बम-बम कुमार और बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर जमीन खोदकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।

युवती व उसके माता-पिता हिरासत में

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमिका, उसकी मां और पिता को हिरासत में ले लिया है। तीनों से थाने में कड़ी पूछताछ चल रही है। एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है और प्रेम प्रसंग में हत्या की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने