GA4-314340326 गिरिडीह : गावां में धड़ल्ले से हो रहा सफेद पत्थर का अवैध कारोबार, रात के अंधेरे में पहाड़ का सीना चीर रहे माफिया

गिरिडीह : गावां में धड़ल्ले से हो रहा सफेद पत्थर का अवैध कारोबार, रात के अंधेरे में पहाड़ का सीना चीर रहे माफिया

Giridih: Illegal white stone trade in Gawaan, mafia ripping apart mountains in the dark of night
रात के अंधेरे में अवैध तरीके से पत्थर ले जाता ट्रैक्टर।

गिरिडीह (#novbhaskar) : गिरिडीह जिले के गावां वन प्रक्षेत्र में सफेद पत्थर के अवैध उत्खनन का काला कारोबार बेरोकटोक जारी है। गदर पंचायत अंतर्गत सरलाहिटांड, बराडीह जंगल, जामडार और अमझर के जंगली इलाकों में रात के अंधेरे में JCB और ट्रैक्टर लगाकर पहाड़ का सीना चीरा जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह अवैध धंधा रात 9 बजे के बाद शुरू होता है और पूरी रात चलता है। ट्रैक्टरों से सफेद पत्थर ढोकर अवैध फैक्ट्रियों में भेजा जाता है, जहां पीसकर पाउडर बनाकर ऊंचे दामों पर बड़े शहरों में बेचा जाता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग और प्रशासन को कई बार सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होती। इससे प्रशासन की मिलीभगत के सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार इस कारोबार में सफेदपोश, सरकारी तंत्र से जुड़े लोग और पत्रकार के चोले में कुछ लोग भी शामिल हैं।

माफिया प्रकृति का खुलेआम दोहन कर मालामाल हो रहे हैं। लगातार खबरें प्रकाशित होने के बाद भी ठोस कार्रवाई न होना विभागीय संरक्षण या संलिप्तता की ओर इशारा करता है।

इस संबंध में गावां रेंजर अनिल कुमार ने कहा कि लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पकड़े जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।




Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने