GA4-314340326 रिनपास में नई हाउसकीपिंग एजेंसी ने संभाला कार्यभार, पहले दिन ही मंत्री से फरियाद करने पहुंचे सफाईकर्मी

रिनपास में नई हाउसकीपिंग एजेंसी ने संभाला कार्यभार, पहले दिन ही मंत्री से फरियाद करने पहुंचे सफाईकर्मी

फोटो: स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग करते प्रखंड अध्यक्ष संजर खान और लालचंद सोनी। KANKE NEWS, (RANCHI) । रांची तंत्रिका मनोचिकित्सा शिक्षा एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान (रिनपास) और विवाद का बड़ा गहरा नाता है। मंगलवार एक सितंबर को ही संस्थान में बजरंग सिक्योरिटी एजेंसी ने हाउसकीपिंग का कार्यभार संभाला है। लेकिन पहले ही दिन इसकी शिकायत विभागीय मंत्री डॉ इरफान अंसारी के पास पहुंच गई। कांग्रेस पार्टी कांके के प्रखंड अध्यक्ष संजर खान और पंचायत समिति सदस्य सह कांग्रेस नेता लालचंद सोनी ने इसके कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उनके नेतृत्व में 50 से अधिक महिला पुरुष सफाईकर्मी मंत्री से एजेंसी की शिकायत और लूट से बचाव की फरियाद करने पहुंच गए। संजर खान और सफाईकर्मियों ने मंत्री डॉ इरफान अंसारी को बताया कि एजेंसी रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर उनसे 10 हजार की मांग कर रही है। वहीं 40 से 50 नए सफाईकर्मी भी रखे जा रहे हैं, जिनसे कथित तौर पर एक से सवा लाख रुपया मांगा जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी ने जिस दर पर कार्य लिया है, इससे उनकी वर्तमान तनख्वाह जो 11,300 है, वह भी कथित तौर पर घट जाएगी। उन्होंने गार्ड्स के समान वेतन दिए जाने की गुहार मंत्री से लगाई। इधर संजर खान ने एजेंसी को प्रतिदिन सफाई के लिए 39000 की मैटिरियल देने पर भी सवाल उठाया। इसको लेकर मंत्री ने प्रभारी निदेशक डॉ जयति सिमलाई को फोन कर एजेंसी पर कार्रवाई करने की बात कही। निदेशक ने कहा कि एल वन होने के आधार पर एजेंसी को कार्य दिया गया है। इसको हटाने जैसी कोई कार्रवाई करने पर उनको जेल जाना पड़ सकता है। मंत्री ने कहा कि कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा इस मामले की जांच के लिए जायेंगे। एजेंसी के प्रतिनिधि को भी निदेशक के साथ अपने पास मिलने लाने का निर्देश दिया। 

पांच साल में 20 गुना बढ़ गया मैटिरियल खर्च

 रिनपास प्रशासन हमेशा एजेंसीज की कमाई बढ़ाने को लेकर काफी मुस्तैद दिखता है। यह पांच साल में संस्थान में 20 गुना बढ़े मैटिरियल खर्च से स्पष्ट हो जाता है। 2021-22 में तत्कालीन हाउसकीपिंग एजेंसी को प्रतिमाह 60 हजार रुपए मैटिरियल खर्च दिए जाते थे। उसके बाद से कार्य देखने वाली एजेंसी एवरग्रीन सर्विसेज को प्रतिदिन 6000 अर्थात एक माह में टैक्स सहित लगभग दो लाख की राशि का भुगतान मैटिरियल खर्च के लिए दिया जा रहा था। लेकिन बजरंग सिक्योरिटी एजेंसी को प्रतिदिन 39000 की दर से मैटिरियल खर्च दिया जाएगा। इसका मतलब है कि एक माह में लगभग 12 लाख का मैटिरियल खर्च भुगतान किया जाएगा। यह वर्ष 2021-22 की तुलना में 20 गुना अधिक है। संजर खान और लालचंद सोनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि एजेंसी और रिनपास प्रशासन की मनमानी नहीं चलने दिया जाएगा। गरीब सफाईकर्मियों से रजिस्ट्रेशन शुल्क की वसूली नहीं होने देंगे। मौजूदा वेतन से कम भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही एजेंसी को सही ईपीएफ राशि तथा बोनस देना होगा। नई सफाईकर्मियों की बहाली में 50 हजार से लाख रुपए का लूट नहीं होने दिया जाएगा। ऐसा होने पर जोरदार आंदोलन किया जायेगा।

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم