GA4-314340326 रिनपास निदेशक को हटाने को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से मिला झामुमो प्रतिनिधिमंडल, सफाईकर्मियों से मिले कांग्रेसी

रिनपास निदेशक को हटाने को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से मिला झामुमो प्रतिनिधिमंडल, सफाईकर्मियों से मिले कांग्रेसी

फोटो : मंत्री डॉ इरफान अंसारी से मिलते झामुमो प्रतिनिधिमंडल। फोटो : सफाईकर्मियों से मिलकर आश्वासन देते प्रखंड अध्यक्ष संजर खान। KANKE NEWS,(RANCHI)। रांची तंत्रिका मनोचिकित्सा शिक्षा एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान (रिनपास) में व्याप्त कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार अभी सत्ताधारी दल के ही घटक दलों के निशाने पर है। मंगलवार को जहां कांग्रेस पार्टी कांके प्रखंड अध्यक्ष संजर खान और लालचंद सोनी दर्जनों सफाईकर्मियों के साथ अपने ही दल के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी से मिल कर रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर मांगे जा रहे अवैध 10 से 15 हजार की वसूली को रोकने की मांग को लेकर शिकायत करने पहुंचे थे। वहीं बुधवार को झामुमो कांके प्रखंड समिति अध्यक्ष नवीन तिर्की, जिला संयोजक सोनू मुंडा, हनीफ अंसारी, सबीबुल रहमान सहित दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता संस्थान में नियम विरुद्ध ढंग से कार्यरत एवं प्रभारी निदेशक का दायित्व संभाल रहीं डॉक्टर जयति सिमलाई को अविलंब हटाने की मांग करने पहुंचे। लेकिन वे विभागीय मंत्री के उस जवाब को सुनकर जिसमें उन्होंने कहा कि एक भी प्रमाण दिखाओ की बात पर अचंभित और हतप्रभ रह गए। मंत्री ने कहा कि नए निदेशक के लिए पद विज्ञापित हो चुका है। लेकिन कथित तौर पर संस्थान से इस्तीफा देने और विरमित होने के बाद से बिना किसी पुनर्नियुक्ति के ही संस्थान का कमान संभालते हुए कार्य कर रही डॉक्टर जयति सिमलाई पर मेहरबानी पर सभी आश्चर्यचकित रह गए। बताते चलें कुछ दिनों पूर्व ही संस्थान में जेनरेटर सहित अन्य सामानों की बाजार दर से दो से तीन गुणा अधिक कीमत पर खरीद सहित अन्य कई गड़बड़ियां मीडिया में प्रमाण सहित प्रकाशित हुई थीं। वहीं मरीज को गाड़ी से रौंदने के मामले में बेल पर होने, एसीबी न्यायालय द्वारा स्वास्थ्य विभाग से अभियोजन स्वीकृति की अनुमति आदि की मांग सभी को नजरअंदाज करते हुए जिस तरह स्वास्थ्य मंत्री ने निदेशक को हटाने के मामले से पल्ला झाड़ा है, उससे सभी को उनसे मिल रहे संरक्षण की बात सामने आ गई है। लेकिन गठबंधन धर्म की मर्यादा को देखते हुए मीडिया के समक्ष झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने ज्यादा हुज्जत नहीं की। लेकिन उनमें इसको लेकर गहरा असंतोष व्याप्त हो गया है। इसके बाद झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे मामले की जानकारी केंद्रीय महासचिव बिनोद पांडेय को दी। स्थापना दिवस के बाद होगी वार्ता : संस्थान में बजरंग सिक्योरिटी एजेंसी ने हाउसकीपिंग का कार्यभार मंगलवार को संभाल लिया है। उनके स्थानीय अनधिकृत प्रतिनिधि द्वारा कथित तौर पर सफाईकर्मियों से 10 से 15 हजार का रजिस्ट्रेशन शुल्क मांगने को लेकर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष संजर खान और पंचायत समिति सदस्य सह कांग्रेस नेता लालचंद सोनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सफाईकर्मियों से बुधवार को रिनपास में मुलाकात की। सबके सामने सफाईकर्मियों ने पैसा मांगने की बात कही। संजर खान ने कहा कि कोई भी सफाईकर्मी रजिस्ट्रेशन शुल्क नहीं जमा करेगा। चार सितंबर को संस्थान के स्थापना दिवस समारोह के बीतने के बाद इसपर विधायक सुरेश कुमार बैठा कि मौजूदगी में एजेंसी के डायरेक्टर से वार्ता होगी। इसके बाद सभी शांत होकर कार्य पर लौट। बताते चलें सफाईकर्मी वर्तमान में मिल रहे तनख्वाह 11,300 से कम वेतन मिलने की चर्चा को लेकर सशंकित हैं। क्योंकि पूर्व में सिक्योरिटी गार्ड्स को लगातार कम ईपीएफ, वेतन और बोनस राशि के भुगतान की शिकायत के बाद भी संस्थान प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा मंत्री द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। वहीं गार्ड्स से 15 हजार की वसूली तथा नए गार्ड्स को रखने में स्थानीय आरक्षण नीति का अनुपालन नहीं होने पर भी लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। सभी निजी एजेंसीज के संचालन एवं प्रबन्धन में कथित तौर पर अनधिकृत लोगों के हस्तक्षेप तथा अधिकारियों से उनकी अधिकृत वार्ता और हनक तथा ठसक देखकर सभी नर्सेज, गार्ड्स, सफाईकर्मी परेशान हैं ।

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم