GA4-314340326 श्रावणी मेला : तीसरी सोमवारी पर देवघर में उमड़ा जनसैलाब, प्रशासन मुस्तैद

श्रावणी मेला : तीसरी सोमवारी पर देवघर में उमड़ा जनसैलाब, प्रशासन मुस्तैद

Shravani Mela: Crowds throng Deoghar on the third Monday, administration on alert
बाबा मंदिर परिसर में जलार्पण के पहुंचे कांवरिए।
देवघर (#novbhaskar): राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तीसरी सोमवारी के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि दोपहर एक बजे तक डेढ़ लाख से कांवरिए जलार्पण कर चुके हैं।श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुलभ और कतारबद्ध जलार्पण कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। स्थिति का जायजा लेने के लिए तड़के से ही उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक रूटलाइन में उतरे और मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। बाद में संथाल परगना के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मयूर पटेल और उपायुक्त ने संयुक्त रूप से बाबा मंदिर स्थित मुख्य कंट्रोल रूम पहुंचकर सुरक्षा व व्यवस्थाओं की लाइव मॉनिटरिंग की।

सेवा भाव से ड्यूटी करने के सख्त निर्देश

सड़क पर उतरकर विधि व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने विभिन्न पॉइंटों पर तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस बल को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि देवघर आने वाले हर कांवड़िया अतिथि हैं, इसलिए सभी अधिकारी 'सेवा भाव' के साथ श्रद्धालुओं की हरसंभव मदद करें। निरीक्षण के क्रम में नंदन पहाड़, कालीबाड़ी, कुमुदिनी घोष रोड, बरमसिया, सरकार भवन, बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, जलसार मोड़ और शिवराम झा चौक सहित मंदिर के आसपास के संवेदनशील इलाकों का जायजा लिया गया।

24 घंटे मुस्तैद रहेंगी बुनियादी सुविधाएं

श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए उपायुक्त ने सूचना केंद्रों और मातृत्व विश्राम गृहों को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया, ताकि बिछड़े लोगों व महिला श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता मिले। इसके अलावा, स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे डॉक्टरों व दवाओं की उपलब्धता, निर्बाध बिजली और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।

कंट्रोल रूम और क्यू मॉनिटरिंग से पल-पल की नजर

भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए आईजी मयूर पटेल और उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने केंद्रीय कंट्रोल रूम (IMCR) और मंदिर कंट्रोल रूम में आधुनिक सीसीटीवी कैमरों तथा वीडियो वॉल के जरिए पूरे रूटलाइन की स्थिति देखी। अधिकारियों ने 'क्यू मॉनिटरिंग' सिस्टम से कतारों की गति की समीक्षा की। तकनीकी टीम और तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि यदि किसी पॉइंट पर कतार धीमी होती है या भीड़ बढ़ती है, तो तुरंत ऑन-ड्यूटी मजिस्ट्रेट को सूचित कर त्वरित कार्रवाई की जाए।

इस निरीक्षण और मॉनिटरिंग के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, संबंधित अधिकारी, दंडाधिकारी और पुलिस बल उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: तीसरी सोमवारी की तैयारी में जुटा देवघर जिला प्रशासन....





Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم