गिरिडीह (#novbhaskar): साढ़े चार लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर गिरिडीह (झारखंड) के बेंगाबाद स्थित छोटकी खरगडीहा निवासी चार युवकों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस चारों को दिल्ली ले गई, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
दिल्ली से ट्रेन में सवार हुए थे आरोपी
दिल्ली में साइबर क्राइम की एक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने गृह नगर लौटने की फिराक में थे। जांच के दौरान तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के आधार पर दिल्ली पुलिस को भनक लगी कि दो संदिग़्ध दिल्ली में ही मौजूद हैं। जैसे ही आरोपी झारखंड आने वाली ट्रेन में सवार हुए, पुलिस की स्पेशल टीम भी गुप्त रूप से उसी ट्रेन में चढ़ गई और उन पर लगातार नजर बनाए रखी।
पारसनाथ स्टेशन पर बिछाया जाल
ट्रेन के पारसनाथ स्टेशन पहुंचते ही पुलिस टीम ने पहले से तैयार रणनीति के तहत घेराबंदी की और चारों युवकों को मौके पर ही धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में सभी छोटकी खरगडीहा के रहनेवाले हैं। इनमें खुर्शीद अंसारी व जाबीर अंसारी सगे भाई हैं। इनके अलावा सरवर गुलाम व राजेश साहू शामिल हैं।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
अदालत के आदेश पर चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस अब गिरोह के मुख्य सरगना और इस अंतरराज्यीय साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य मददगारों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

إرسال تعليق
please do not enter any spam link in the comment box.