GA4-314340326 भादो मेला : देवघर आनेवाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए प्रशासन की तैयारियां तेज

भादो मेला : देवघर आनेवाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए प्रशासन की तैयारियां तेज

पंडा धर्मरक्षिणी सभा ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन

Bhado Mela: Administration intensifies preparations for safety and convenience of devotees visiting Deoghar
सावन पूर्णिमा पर जलार्पण के मंदिर परिसर में खड़े श्रदच


देवघर (#novbhaskar): राजकीय श्रावणी मेला के भव्य और सुव्यवस्थित समापन के बाद अब देवघर जिला प्रशासन ने आगामी 'भादो मेला 2026' के सुरक्षित और सफल संचालन के लिए अपनी कमर कस ली है। शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-प्रशासक (बाबा बैद्यनाथ मंदिर) सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और पंडा धर्मरक्षिणी सभा के प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर गहन चर्चा हुई।

श्रावणी मेला के सफल संचालन पर जताया आभार

बैठक की शुरुआत में पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष, महामंत्री और तीर्थपुरोहित समाज के प्रबुद्ध जनों ने श्रावणी मेला 2026 के उत्कृष्ट, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए देवघर जिला प्रशासन का सामूहिक रूप से आभार व्यक्त किया। सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि रूटलाइन में जलार्पण, साफ-सफाई, बिजली और पेयजल की चाक-चौबंद व्यवस्था के कारण ही देश-विदेश से आए लाखों शिवभक्तों को सुगम आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हुआ। इसके साथ ही पंडा समाज ने आगामी भादो मेला में भी प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।

लापरवाही पर सख्त, मूलभूत सुविधाओं पर जोर

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने स्पष्ट किया कि भादो मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को पूरे मेला क्षेत्र में निर्बाध बिजली और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम को मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती कर नियमित सैनिटाइजेशन के आदेश दिए गए हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मेडिकल कैंप और एम्बुलेंस तैयार रखने को कहा गया है।

खोया-पाया व जानकारी के लिए बनेंगे सहायता केंद्र

श्रद्धालुओं को सुलभ मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए मंदिर के आसपास के प्रमुख स्थलों पर 'भादो मेला सूचना सह सहायता केंद्र' संचालित किए जाएंगे। इन केंद्रों के जरिए खोया-पाया, रूट चार्ट, अर्घ्य अर्पण के समय और अन्य आवश्यक जानकारियों का लगातार प्रसारण किया जाएगा।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, सिविल सर्जन, ट्रैफिक डीएसपी, संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता और मंदिर प्रबंधन से जुड़े अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।





Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم